भिवानी में चोरी के कई मामलों में पकड़े गए आरोपी ने न्यायालय में जज के सामने पुलिस पर ही थर्ड डिग्री देने के गंभीर आरोप लगा दिए। इस पर जज ने पीड़ित का रिमांड देने से पहले उसका मेडिकल कराने का आदेश दिया। इसके बाद जूई कलां पुलिस ने वीरवार शाम को जिला नागरिक अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद फिर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा है।
गांव देवसर निवासी प्रीतम (22) को जूई कलां पुलिस थाना की टीम ने बुधवार देर शाम को गिरफ्तार किया था। इसके बाद वीरवार सुबह उसे न्यायालय में पेश किया। जूई कलां पुलिस थाना में दर्ज एक चोरी के केस में प्रीतम को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार प्रीतम पर चरखी दादरी में चोरी के करीब 16 केस दर्ज हैं जबकि भिवानी में भी चार चोरी के केस दर्ज हैं। प्रीतम चोरी के केस में जेल के अंदर बंद था। वह बुधवार को ही बेल पर बाहर आया था। इसी दौरान जूई कलां पुलिस की टीम ने उसे थाने में दर्ज चोरी के केस में गिरफ्तार कर लिया। उसे वीरवार को न्यायालय में पेश किया गया।
न्यायालय में पेशी के दौरान प्रीतम ने जज के समक्ष पुलिस पर ही थर्ड डिग्री टार्चर के आरोप लगा डाले। इसके बाद जज ने चोरी के आरोपी का सामान बरामदगी के लिए रिमांड देने से पहले पुलिस को मेडिकल कराने का आदेश दिया।
मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही उसके रिमांड के बारे में न्यायालय ने निर्णय लेने की बात कही। इसके बाद वीरवार शाम को जूई कलां पुलिस की टीम चोरी के आरोपी को लेकर जिला नागरिक अस्पताल पहुंची। जहां उसका मेडिकल कराया गया। चिकित्सकों ने उसका मेडिकल करने के बाद उसकी एमएलआर भी काट दी।
पुलिस बता रही प्रीतम को शातिर चोर
पुलिस के अनुसार प्रीतम शातिर चोर है। उस पर चोरी के करीब 20 केस दर्ज हैं। पहले भी इन मामलों में प्रीतम पकड़ा जा चुका है और फिलहाल वह भिवानी जेल के अंदर बंद था। इसके बुधवार को ही बाहर आने की भनक पुलिस को लगी तो उसे पुलिस ने चोरी के एक नए केस में गिरफ्तार कर लिया था।
जूई कलां पुलिस ने चोरी के एक मामले में प्रीतम को बुधवार देर शाम को गिरफ्तार किया था, जिसे बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया था। न्यायालय के आदेश पर उसका नागरिक अस्पताल में मेडिकल कराकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा है। प्रीतम की मेडिकल रिपोर्ट कोर्ट के सामने पेश की जाएगी।
-बलदेव सिंह, एसएचओ जूई कलां पुलिस थाना ।