भिवानी। पूरे शहर में शनिवार को पेयजल आपूर्ति ठप रहेगी। जनस्वास्थ्य विभाग दिनोद गेट महाराजा नीमपाल चौक के समीप धंसी हुई मुख्य सीवरलाइन की मरम्मत का काम शनिवार सुबह शुरू होगा। इसी वजह से शनिवार को पूरे शहर में पेयजल आपूर्ति भी नहीं हो पाएगी। शहर के कई हिस्सों में पहले से ही सर्दी में जलसंकट बना है। अब शनिवार को पेयजल आपूर्ति नहीं होने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाएंगे। इस दौरान जनस्वास्थ्य विभाग पानी की कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं करेगा।
दरअसल दिनोद गेट महाराजा नीमपाल चौक पर सड़क बार-बार धंस रही है। बीएंडआर विभाग के अधिकारी भी बार-बार धंस रही सड़क को दुरुस्त कराकर थक चुके हैं। दोनों ही विभागों के बीच इस सड़क के धंसे हुए हिस्से को लेकर काफी बार पत्राचार भी हो चुका है। करीब एक साल पहले सड़क के धंसे हुए हिस्से की खुदाई कराकर काम भी शुरू किया गया था। उस समय कुछ निजी कनेक्शन व पेयजल लाइन की लीकेज मिली थी। इसका समाधान करने में जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी सप्ताह भर का समय लग गया और करीब साढ़े 12 लाख रुपये का बजट भी खर्च हो गया। इसके बाद भी सड़क धंसने का सिलसिला जारी रहा। अब जनस्वास्थ्य विभाग को यहां मैन सीवरलाइन धंसी होने की आशंका है। इसकी वजह से शनिवार को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कर्मचारी यहां पर सड़क की खुदाई कराकर काम शुरू करेंगे। इस वजह से शनिवार को पूरे शहर में पेयजल आपूर्ति भी बाधित होगी।
करीब 25 से 30 फुट गहरी है मुख्य सीवरलाइन
शहर के सरकुलर रोड दिनोद गेट महाराजा नीमपाल चौक पर सीवर की काफी पुरानी और मुख्य सीवरलाइन है। ये सीवरलाइन करीब 25 से 30 फुट गहरी जमीन के अंदर है। ये मुख्य लाइन शहर के सरकुलर रोड होते हुए देवसर चुंगी के मैन डिस्पोजल तक जाती है। इस लाइन में दिनोद गेट के पेट्रोल पंप के समीप भी एक सीवर मैनहोल बार-बार धंस रहा है। जिसे पहले भी कई बार ठीक किया जा चुका है। मगर समस्या फिर भी नहीं दूर हो रही है। दिनोद गेट चौक पर सड़क के धंसे हुए हिस्से पर वाहन भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, क्योंकि यहां सड़क काफी उबड़ खाबड़ बनी है।
शहर के सभी जोन रहेंगे प्रभावित
शहर में तीन जलघरों से जोन वाइज पेयजल आपूर्ति दी जाती है। जिसमें सुबह चार बजे से पांच बजे और फिर पांच बजे से सात बजे तक आपूर्ति होती है। इसी तरह फिर शाम को भी चार बजे से शाम आठ बजे तक विभिन्न इलाकों में जोन वाइज पेयजल आपूर्ति दी जा रही है। मुख्य सीवर लाइन में काम की वजह से पेयजल आपूर्ति भी बंद की गई है।
दिनोद गेट पर मुख्य सीवर लाइन की मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा। इस वजह से शनिवार सुबह चार बजे से पांच बजे तक पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। शाम की पेयजल आपूर्ति भी नहीं हो पाएगी। हमारा प्रयास रहेगा कि जल्द से जल्द काम पूरा हो। इसके बाद पेयजल आपूर्ति नियमित कर दी जाएगी।
- कपिल श्योराण, कनिष्ठ अभियंता, शहरी पेयजल शाखा, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग भिवानी।