भिवानी। सैनिकों के गांव बापोड़ा में खेल मैदान बारिश के पानी की भेंट चढ़ गया है। अब तक बारिश के पानी की निकासी नहीं होने की वजह से खेल मैदान तालाब में तबदील हो चुका है। हालांकि ग्राम पंचायत की तरफ से खेल मैदान से बारिश के पानी की निकासी कराए जाने के संबंध में संबंधित विभाग व जिला प्रशासन से भी गुहार लगाई जा चुकी है।
इस संबंध में पत्राचार भी हुआ है, लेकिन अब भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। दरअसल, बारिश के दौरान गांव के खेल परिसर में करीब ढाई फीट बारिश का पानी जमा हो गया था। पानी ने सरकारी स्कूल और आसपास की आबादी का भी रुख कर लिया था, लेकिन अब पानी का स्तर कुछ कम हो गया है जबकि खेल मैदान में बारिश के पानी के जमाव की वजह से फिसलन बनी है।
यहां खिलाड़ियों व सेना भर्ती का अभ्यास करने वाले युवाओं के लिए शारीरिक अभ्यास करना खतरे से खाली नहीं है। क्योंकि फिसलन की वजह से उनके चोटिल होने का भय बना है वहीं काफी परिसर में अब भी बारिश का पानी जमा है। इस कारण यहां मैदान इस्तेमाल लायक नहीं है।
गांव में हर साल बरसाती जलभराव होता है। बारिश के दौरान तो यहां काफी पानी सार्वजनिक स्थल व आबादी वाली जगह पर भर जाता है। बरसाती पानी की निकासी कराने के लिए जिला प्रशासन से भी अनुरोध किया जा चुका है, लेकिन अब भी गांव के खेत मैदान में बारिश का पानी जमा है। जिस वजह से युवा यहां खेल अभ्यास नहीं कर पा रहे हैं, उन्हें भिवानी जाना पड़ता है।
- सुर्गिव, सरपंच, बापोड़ा।