भिवानी। गांव कोहाड़ में एक ही रात में चोरों ने दो घरों को अपना निशाना बनाया। चोर एक घर से दो लाख 20 हजार रुपये व सोने-चांदी के आभूषण कर लिए। इसके बाद चोरों ने पड़ोसी के मकान में भी सेंध लगा 20 हजार की नकदी और आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की वारदात की सूचना जूईकलां पुलिस थाना में दी गई। पुलिस ने वारदात स्थल का मुआयना कर चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दिया।
जूईकलां पुलिस को दी शिकायत में गांव कोहाड़ निवासी सुशील कुमार ने बताया कि 28 जुलाई की रात को खाना खाकर परिवार के सदस्य सो गए। जब वे अगली सुबह उठे तो घर के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। सामान चेक किया तो पता चला कि घर से दो लाख 20 हजार रुपये, सोने के कानों की बाली, सोने की दो अंगूठी, एक जोड़ी चांदी की पाजेब चोरी हो गई।
इसी तरह सुशील के पड़ोस में ही बजरंग के मकान को भी चोरों ने अपना निशाना बना डाला। चोर बजरंग के घर की अलमारी का ताला तोड़कर वहां पर रखे 20 हजार रुपये और सोने चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। वारदात के समय बजरंग का परिवार भी घर पर ही सो रहा था। मगर दोनों ही घरों के अंदर हुई चोरी की वारदात के दौरान किसी को भी चोरों की गतिविधि की कोई भनक तक नहीं लगी। सूचना के बाद जूईकलां थाने की टीम मौके पर पहुंची और दोनों ही घरों पर मौका मुआयना किया। इस संबंध में पुलिस ने मकान मालिक सुशील कुमार व बजरंग की अलग अलग शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।