भिवानी। गांव केलंगा में एक युवक को उसके घर से मात्र 50 मीटर की दूरी पर तीन युवकों ने बेरहमी से पीटा। गंभीर हालत में युवक को भिवानी नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गांव केलंगा निवासी नवीन (29) के रूप में हुई है।
इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर खरक चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और मंगलवार को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया।इस मामले में पुलिस ने सदर थाना में गांव के ही तीन युवकों को नामजद करके हत्या की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में मृतक के पिता प्रहलाद ने बताया कि उसके दो लड़के थे। बड़ा नवीन था और छोटा रवि है। वह खुद मजदूरी करता है, जबकि उसका बड़ा लड़का ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता था। सोमवार शाम करीब सात बजे नवीन जनरल स्टोर के पास काम से गया था। वहां पर पहले से मौजूद गांव के ही रवि, मोनू और विपिन ने नवीन की बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद तीनों युवक मौके से भाग गए। पिटाई के कारण नवीन गंभीर रूप से घायल हो गया। जब उसे उपचार के लिए अस्पताल में पहुंचाया गया तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शिवरात्रि पर आरोपियों के साथ हरिद्वार से आया था
परिजनों ने बताया कि नवीन ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता था और अविवाहित था। वह 15 जुलाई को शिवरात्रि के दिन आरोपी युवकों के साथ हरिद्वार से आया था। उस दौरान उनकी कहासुनी भी हुई। अंदेशा लगाया जा रहा है कि उसी कहासुनी की रंजिश के चलते उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। वहीं, असल मामला क्या था इस बारे में पुलिस जांच कर रही है।
युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले में मृतक के पिता के बयान पर तीन आरोपियों को नामजद करके हत्या की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अपनी आगामी कार्रवाई में लग गई है।
-एएसआई दशरथ, इंचार्ज, खरक पुलिस चौकी