भिवानी शहर के महिला थाने थाना में पुलिस अधिकारियों को निर्देश देतीं महिला आयोग की उपाध्यक्ष स
भिवानी। महिला पुलिस थाना में आई कोई भी पीड़िता वहां मौजूद किसी भी पुलिस कर्मचारी से अपनी शिकायत लिखवा सकती है, कोई उसे मना नहीं कर सकता है। अगर थाने में एसपी या डीएसपी मौजूद है तो उन्हें भी उसकी शिकायत लिखनी होगी। यह निर्देश सोमवार को राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सोनिया अग्रवाल ने महिला पुलिस थाना में निरीक्षण के दौरान वहां मौजूद महिला पुलिस कर्मचारियों को दिए।
सोनिया अग्रवाल ने कहा कि अगर कोई भी पीड़िता महिला पुलिस थाना में फरियाद लेकर आती है तो उसे दूसरे थाने या पुलिस चौकी में जाने के लिए नहीं कहा जाएगा, बल्कि उसकी शिकायत दर्ज कर उस महिला की अनुमति से उस संबंधित पुलिस के पास उसे खुद ही भेजा जाएगा। राज्य महिला आयोग उपाध्यक्ष ने महिला पुलिस थाना का रिकार्ड भी जांचा और लंबित मामलों की भी समीक्षा कर पुलिस थाना एसएचओ को जरूरी निर्देश दिए।
महिला पुलिस थाना एसएचओ कमलेश ने बताया कि अब तक यहां से संबंधित 24 पीड़िता की शिकायतों को संबंधित पुलिस थाना में स्थानांतरित किया गया है। सोनिया अग्रवाल ने महिला पुलिस थाना में कर्मचारियों की बैठक लेकर उन्हें ड्यूटी के दौरान वर्दी में रहने की भी सख्त हिदायतें दीं। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़िता को तीन बार से ज्यादा थाने में न बुलाया जाए। अगर वह थाना में आने में असमर्थ है तो महिला जांच अधिकारी उसके घर जाकर जरूरी दस्तावेज और औपचारिकताएं पूरी कराए। इस मौके पर उन्होंने महिलाओं द्वारा अपनी शिकायत दर्ज कराने के संबंध में राज्य महिला आयोग के व्हाट्सएप नंबर 95600-80115 की जानकारी दी। इसके अलावा ईमेल आईडी पर भी पीड़िता अपनी शिकायत भेज सकती हैं। इसके बाद उन्होंने जिला कारागार का भी निरीक्षण किया। जहां पर 46 महिलाएं बंदी और दो छोटे बच्चे भी हैं। उन्होंने महिला बंदियों से भी बात कर उनकी समस्याएं जानी और जेल प्रशासन के अधिकारियों को भी जरूरी निर्देश दिए।
थाने में मुंशी ने पहना था लाल सूट, भड़की उपाध्यक्ष
महिला थाने की मुंशी लाल रंग का सूट पहन ड्यूटी पर आई थी। जिसे देख उपाध्यक्ष भड़क उठी और बोली कि रंगीन सूट पहनने का शौक है तो छुट्टी लेकर घर पर पहनें, यहां वर्दी में आना होगा। इस पर महिला कर्मचारी ने सफाई दी कि पॉक्सो एक्ट मामले में कोर्ट में गई थी। वहां बिना वर्दी ही जाना था।