भिवानी। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ संयुक्त रूप से शहर के रेलवे रोड स्थित गोस्वामी ट्रेडर्स के गोदाम पर छापामारा। जहां राजस्थान से तैयार कराकर लाई गई मिठाइयों की भारी मात्रा में खेप रखी हुई थी। संयुक्त टीम ने दुकान के अंदर से मिल्क केक, डोडा बर्फी और पतीसा के सैंपल भरे जिन्हें जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा। इसके बाद जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने शहर के कृष्णा कॉलोनी स्थित एक घी प्रतिष्ठान पर छापा मारा। जहां देसी घी का सैंपल जांच के लिए लैब में भेजा।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम में इंस्पेक्टर सुनील कुमार, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ पुनीत शर्मा के साथ रेलवे रोड स्थित एक गली के अंदर गोस्वामी ट्रेडर्स के गोदाम पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने छापामारा। गोदाम के अंदर तैयार की गई मिठाइयों की बड़ी मात्रा में खेप रखी थी। ये मिठाइयां राजस्थान से तैयार कराकर यहां लाई गई थी। जिन्हें शहरभर में मिष्ठान की दुकानों पर त्योहार के दौरान बेचा जा रहा था।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के समक्ष शिकायत आई थी कि राजस्थान से लाई जा रही ये मिठाइयां नकली हैं। दुकान के अंदर से मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को तैयार कलाकंद यानी मिल्क केक, डोडा बर्फी और पतीसा मिला। इसमें तीनों के ही जांच के लिए टीम ने चार-चार सैंपल एकत्रित कर सील कर दिए। जिन्हें जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. पुनीत शर्मा ने बताया कि जांच के दौरान अगर सैंपल लैब की रिपोर्ट में अनसेफ आता है तो सीजेएम कोर्ट में केस चलेगा अगर सब स्टैंडर्ड आता है तो एडीसी कोर्ट में केस चलेगा। उन्होंने बताया कि त्योहारी सीजन के दौरान बाजार में नकली मिठाइयां बिक्री की शिकायतें मिलती हैं तो तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि दूध से बनी मिठाइयों पर एक्सपायरी डेट अनिवार्य रूप से लिखें।
अलवर से ट्रेन में आता है माल
गोदाम के मालिक मुकेश कुमार वासी हिसार ने बताया कि कस्बा खैरतल जिला अलवर (राजस्थान) से मिठाइयां लेकर आता है। शहर भिवानी में सप्लाई करता है। मौके से मिल्क केक 114 किलो, टोडा बर्फी 24 किलो, पतीसा 294 किलो मिठाइयों के सैंपल लिए गए, जिनको सील करके परीक्षण के लिए लैब में भेजा जाएगा। अलवर से 210 रुपये प्रति किलो के हिसाब से मिलता है। जिसे शहर में 260 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक्री किया जाता है। ये माल अलवर से ट्रेन में यहां तक लाया जाता है।
-
दुकान से तैयार मिल्क केक, डोडा बर्फी और पतीसा का सैंपल लिया है। जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद ही इस संंबंध में आगामी कार्रवाई की जाएगी। वहीं कृष्णा कॉलोनी में एक दुकान से देसी घी का सैंपल भी जांच के लिए लैब भेजा गया है। त्योहारी सीजन के दौरान मिष्ठान व खाद्य वस्तुओं की दुकानों पर जांच निरंतर जारी रहेगी।
-डॉ पुनीत शर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी भिवानी।