चरखी दादरी। बाढड़ा स्थित गैस एजेंसी के फर्जीवाड़े मामले में खाद्य आपूर्ति विभाग के महानिदेशक कार्यालय ने सब इंस्पेक्टर जय प्रकाश को चार्जशीट किया है। वहीं, लोकायुक्त ने सुनवाई के दौरान मामले में की गई कार्रवाई की अंतिम रिपोर्ट तीन माह में मांगी है। आरटीआई कार्यकर्ता राकेश चांदवास ने बताया कि कई महीने पहले गैस एजेंसी पर अवैध वसूली, फर्जी कागजातों से जांच रिपोर्ट तैयार करने सहित कई आरोप लोकायुक्त हरियाणा में दी शिकायत में उन्होंने लगाए थे। इस दौरान एएफएसओ की जांच रिपोर्ट पर सवालिया निशान भी लोकायुक्त को दी शिकायत में लगाए गए थे। उन्होंने बताया कि लोकायुक्त ने महानिदेशक के माध्यम से उपायुक्त भिवानी को मामले की जांच सौंपी थी। उपायुक्त ने जांच का जिम्मा एसडीएम चरखी दादरी को सौंपा था। महानिदेशक खाद्य एवं पूर्ति विभाग ने लोकायुक्त हरियाणा को भेजे पत्र में लिखा है कि हरियाणा सिविल रूल 8 के तहत खाद्य आपूर्ति विभाग के सब इंस्पेक्टर जयप्रकाश को चार्जशीट कर दिया है और इस मामले में महानिदेशक खाद्य आपूर्ति विभाग को तीन माह में लोकायुक्त, हरियाणा ने अंतिम रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए है।