फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी के आश्वासन पर खत्म हुई सफाई कर्मचारियों की हड़ताल

विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। शहर में घर-घर कूड़ा उठान और कचरा निस्तारण करने का काम करने वाली तुलसियान कंपनी के सफाई कर्मचारियों की सोमवार को हड़ताल समाप्त हो गई। कंपनी के अधिकारियों के साथ नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता की बैठक हुई। इसके बाद कर्मचारियों की मांगों पर ईओ ने आश्वासन दिया तो हड़ताली कर्मचारी भी सोमवार को वापस काम पर लौटे।
विज्ञापन

शहरभर में एक ही दिन में करीब डेढ़ सौ टन कूड़े का उठान हुआ। शनिवार से ही कंपनी के सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी थी। इसके बाद पूरे शहर में कूड़े के ढेर लगे थे। कंपनी के कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होने से शहरवासियों ने भी राहत की सांस ली है।
नगर परिषद ने शहर के सभी 31 वार्डों से घर-घर कूड़ा उठान और शहर के कचरा प्वाइंटों से कूड़े का उठान कराकर उसे निस्तारण केंद्र तक पहुंचाने और कचरे का निस्तारण कराने के कार्य का ठेका दिया हुआ है। इंदौर की तुलसियान प्राइवेट लिमिटेड पिछले आठ माह से शहर में कूड़ा उठान और कचरा निस्तारण का काम कर रही है।
विज्ञापन

कंपनी के अधिकारियों का दावा है कि इन आठ माह में करीब पौने चार करोड़ के बिलों के भुगतान में सिर्फ 85 लाख का ही भुगतान हुआ है। ऐसे में कंपनी के बिलों का निपटारा नहीं होने की वजह से मार्च और अप्रैल माह में कंपनी के तहत काम करने वाले करीब सौ कर्मचारियों का वेतन भी नहीं मिला है। वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों ने पहले विधायक आवास पर पहुंचकर वेतन भुगतान कराने की गुहार लगाई। मगर इस पर सहमति नहीं बनी तो फिर कंपनी के कर्मचारियों ने काम छोड़कर हड़ताल का एलान कर दिया।
वहीं नगर परिषद अधिकारियों का दावा है कि सफाई व कचरा निस्तारण का काम करने वाली कंपनी के साथ हुए अनुबंध की शर्तों के आधार पर काम कराया जाएगा। इन शर्तों के हिसाब से काम नहीं होने की वजह से ही कंपनी के बकाया बिलों पर आपत्ति लगी है, जिसका भुगतान भी अभी तक अटका हुआ है। हालांकि कंपनी के भुगतान और नगर परिषद अधिकारियों की खींचतान के बीच शहर कूड़े के ढेर में बदल रहा है। हालांकि सोमवार को हड़ताली कर्मचारी काम पर लौटे तो शहरवासियों को भी कूड़े की बदबू से निजात मिल गई। अगर हड़ताल लंबी खिचती तो शहरवासियों के लिए सांस लेना भी मुश्किल हो जाता।

कंपनी के साथ हुए अनुबंध की शर्तों के हिसाब से काम कराया जा रहा है। फिलहाल कंपनी के भुगतान को चेक कर रहे हैं वहीं सोमवार से शहर की कंपनी के कर्मचारियों से कूड़े का उठान सुनिश्चित कराया गया है।
विज्ञापन

-अभय सिंह यादव कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद भिवानी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें