भिवानी। कासनी खुर्द व कासनी कलां के सड़क मार्ग पर नीलगाय के सामने आने से एक बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। इस सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव कासनी खुर्द निवासी रणबीर (32) के रूप में हुई है। इस संबंध में सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर बहल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में पुलिस ने इत्तफाकिया मौत मामले के तहत कार्रवाई की है।
मृतक के चचेरा भाई कुलदीप ने बताया कि रणबीर राजमिस्त्री का काम करता था। रविवार को काम से कासनी कलां गया था। काम करके वह बाइक पर अपने भाई विकास के साथ घर पर आ रहा था। रात करीब आठ बजे कासनी कलां व कासनी खुर्द सड़क मार्ग के बीच नीलगाय सामने आ गई। जिसके कारण बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। इस सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दोनों भाई घायल हो गए। दोनों भाईयों को राहगीरों की मदद से बहल अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां रणबीर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस बारे में सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर बहल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कार्रवाई करके परिजनों को सौंप दिया। वहीं, बहल थाना पुलिस ने बताया कि इस मामले में मृतक के परिजन के बयान पर इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की।
तीन मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक के परिजन कुलदीप ने बताया कि रणबीर तीन भाई थे। सबसे बड़ा रणबीर था। उससे छोटा विकास व सबसे छोटा विक्रम है। रणबीर शादीशुदा था, शादी से उसके तीन बच्चे, दो लड़की व एक लड़का है। पारिवारिक खर्च का बोझ रणबीर के कंधों पर ही था। लेकिन इस दुर्घटना ने तीन मासूमों के सिर से पिता का साया उठा लिया और पूरे परिवार को जिंदगी भर न भूलने वाला दर्द दे दिया।