तोशाम (भिवानी)। बुशान स्थित सिद्धी योगी बाबा डेरा में पानी का कुंड खोदते समय मिट्टी ढह गई। मिट्टी में दबने के कारण एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान गांव संडवा निवासी सुखबीर (29) व घायल की पहचान संडवा निवासी मुस्ताक के रूप में हुई है।
इस मामले की सूचना मिलने पर बहल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कार्रवाई की। पुलिस ने बताया कि मृतक के पिता बलवान के बयान पर इत्तफाकिया मौत मामले के तहत कार्रवाई की है। सुखबीर मजदूरी का काम करता था। वह गांव बुशान में स्थित सिद्धी योगी बाबा के डेरे में पानी के कुंड की खोदाई कर रहा था। मंगलवार को सुबह करीब साढ़े 11 बजे वह अपने साथियों के साथ खोदे गए कुंड की मिट्टी निकाल रहा था। कुंड की गहराई करीब 12 फीट बताई जा रही है। उसी दौरान बाहर निकाली गई मिट्टी कुंड के अंदर ढह गई। इसमें सुखबीर और मुस्ताक दब गए। मौके पर मौजूद अन्य साथियों ने मुस्ताक को निकाल लिया, जबकि सुखबीर को जेसीबी की मदद से निकाला गया। दोनों को अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने सुखबीर को नागरिक अस्पताल में रेफर कर दिया। बीच रास्ते में ही सुखबीर ने दम तोड़ दिया। इस बारे में सूचना बहल थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कार्रवाई की और शव परिजनों को सौंप दिया।
दो बहनों का इकलौता भाई था सुखबीर
परिजन राहुल ने बताया कि सुखबीर तीन भाई-बहन थे। वह दूसरे नंबर का था। उसकी एक बहन विवाहित है जबकि दूसरी अविवाहित है। सुखबीर की कोई संतान नहीं है। मां बीमार है, जबकि पिता भी उम्रदराज है। परिवार के खर्चों का आर्थिक बोझ सुखबीर के कंधों पर ही था। लेकिन इस घटना ने बूढ़े मां-बाप से इकलौता सहारा छीन लिया और पूरे परिवार को जिंदगी भर न भूलने वाला दर्द दे दिया।
बुशान में मिट्टी के नीचे दो व्यक्तियों के दबने की सूचना मिली थी। दोनों को अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां सुखबीर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले में इत्तफाकिया मौत मामले के तहत कार्रवाई की गई है।
-सुमित कुमार, प्रभारी, बहल पुलिस थाना।