भिवानी में अनशनकारी साथी के साथ धरनारत एआई तकनीशियन कल्याण संघ के सदस्य।
लोहारू। एआई तकनीशियन कल्याण संघ के बैनर तले नौकरी बहाली की मांग को लेकर लोहारू लघु सचिवालय के बाहर धरना दे रहे हैं। संघ के दो सदस्यों ने एक फरवरी से आमरण अनशन शुरू कर दिया था। इनमें से एक साथी की बीती रात तबीयत बिगड़ गई।
संगठन के प्रदेश महासचिव मायाराम ने बताया कि प्रदेश के सभी एआई टेक्नीशियन हरियाणा रोजगार कौशल निगम के माध्यम से रोजगार की मांग कर रहे हैं तथा जिसका अनुभव और योग्यता रखते हैं।
इसी मांग को लेकर 12 जनवरी से लोहारू लघु सचिवालय के बाहर धरने पर बैठे थे। लेकिन 20 दिन बाद भी जब सरकार ने कोई सुनवाई नहीं की तो उनके संगठन के दो सदस्य विजय भिवानी और दिनेश कैथल ने आमरण अनशन शुरू कर दिया था। दो दिन बाद उनके समर्थन में राजीव यमुनानगर व विनोद महेंद्रगढ़ ने भी आमरण अनशन शुरू कर दिया।
चार दिन से आमरण अनशन पर बैठे दिनेश कैथल की बीती देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे एंबुलेंस के माध्यम से लोहारू सीएचसी में दाखिल कराया गया। जहां चिकित्सक ने जांच व उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी।
मायाराम ने बताया कि वे अपने रोजगार के लिए लड़ाई जारी रखेंगे। बताया कि सरकार की उदासीनता के कारण वेलफेयर संघ के सदस्यों में काफी रोष है तथा गुस्साए सभी सदस्य सोमवार को मुख्यमंत्री का पुतला फूंकेंगे।