भिवानी। स्वतंत्रता दिवस पर जिले भर में पुलिस की कड़ी सुरक्षा रहेगी। स्वतंत्रता दिवस को लेकर शहर में हर तरफ तिरंगे की सजावट की गई है। वहीं, शहर के मुख्य चौराहे भी तिरंगे से सजे हैं। पुलिस के 700 जवान स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा के लिए मुस्तैद रहेंगे वहीं पुलिस चप्पे-चप्पे पर भी कड़ी निगरानी रखेगी। पुलिस की तरफ से ड्रोन से भी समारोह स्थल के आसपास निगरानी की जाएगी वहीं उपमंडल स्तर पर होने वाले स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों में संबंधित थाना एसएचओ की टीम मुस्तैद रहेगी। इसके लिए उपमंडल पर अतिरिक्त पुलिस बल भी मुहैया कराया गया है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर भिवानी के भीम खेल परिसर में मुख्य समारोह होगा। समारोह स्थल के चारों तरफ पुलिस प्रशासन की ओर से छह स्पेशल पुलिस नाके लगाए गए हैं। इनमें तीन मुख्य नाकों पर 25 अतिरिक्त पुलिस के जवान भी तैनात रहेंगे। वहीं समारोह स्थल की ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पूरे शहर को तिरंगे से सराबोर कर दिया है। मुख्य चौराहों पर तिरंगी पट्टियां लगाई गई हैं, जबकि रात के समय तिरंगी लाइटें रोशन रहेंगी। शहर के मुख्य रास्तों के डिवाइडर पर लगी स्ट्रीट पोल पर भी तिरंगी लाइटें लगाई गई हैं। नगर परिषद ने भी शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने और चौराहों के सुंदरीकरण के लिए भी खास तौर पर कर्मचारियों को हिदायतें दी हैं।
सुरक्षा एजेंसियों ने जांची बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन की सुरक्षा
सुरक्षा एजेंसियों की विभिन्न टीमों ने स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा को लेकर सार्वजनिक स्थलों पर भी निगरानी बढ़ा दी है। शहर के होटल और रेस्टोरेंट में पहले ही ठहरने वालों के संबंध में पर्याप्त जानकारी जुटाने से लेकर किसी भी संदिग्ध के बारे में तुरंत पुलिस को सूचना देने की हिदायतें दी हैं। वहीं, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों के सामान की जांच की वहीं स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों के अंदर भी सर्च अभियान चलाया। इस दौरान यात्रियों को किसी भी लावारिस वस्तु के संबंध में तुरंत राजकीय रेलवे पुलिस को सूचना देने व संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि के बारे में भी रेलवे अधिकारियों को सूचित करने के संबंध में जागरूक किया गया।
स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व है। यह पर्व हम सब गर्व के साथ मनाते हैं। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं। समारोह स्थल के आसपास स्पेशल पुलिस नाके रहेंगे। वहीं पूरे जिले की नाकाबंदी की गई है। जिस पर अतिरिक्त पुलिस कर्मचारी भी तैनात किए गए हैं।
-वरुण सिंगला, पुलिस अधीक्षक भिवानी।