भिवानी। शिक्षा विभाग ने गलत दस्तावेजों के सहारे दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने के मामले में फंसे युद्धवीर सिंह से कार्यवाहक भिवानी खंड शिक्षा अधिकारी का चार्ज वापस ले लिया है। उनकी जगह बहल खंड के कार्यवाहक खंड शिक्षा अधिकारी शिवकुमार को भिवानी के कार्यवाहक खंड शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है।
दरअसल, शिक्षा निदेशालय ने 5 जनवरी को भिवानी जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र जारी कर ऐसे शिक्षा अधिकारी का नाम मांगा था, जिसके खिलाफ कोई शिकायत व अनुशासनात्मक मामला लंबित न हो। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी भिवानी ने युद्धवीर सिंह के नाम की अनुशंसा मुख्यालय को भेज दी। इसके बाद स्कूली शिक्षा विभाग के निदेशक जितेंद्र कुमार ने 23 जनवरी को युद्धवीर सिंह को भिवानी खंड का कार्यवाहक खंड शिक्षा अधिकारी नियुक्त करने के आदेश जारी कर दिए। इस मामले में स्वास्थ्य शिक्षा सहयोग संगठन के संस्थापक सदस्य बृजपाल सिंह परमार ने शिकायत मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव हरियाणा सरकार व अतिरिक्त मुख्य सचिव शिक्षा विभाग को दी।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि युद्धवीर सिंह को दिव्यांग प्रमाण पत्र मामले में दोषी पाया गया था। इसके बाद युद्धवीर सिंह द्वारा विभाग से अनुचित तरीके से लिए गए लाभ भी वापस जमा कराने के आदेश हो चुके हैं, बावजूद इसके उन्हें भिवानी खंड का कार्यवाहक खंड शिक्षा अधिकारी नियुक्त कर दिया गया। इस मामले में स्कूली शिक्षा निदेशक ने बहल के कार्यवाहक खंड शिक्षा अधिकारी को भिवानी का भी अतिरिक्त कार्यभार सौंपने का आदेश दिया है।
-
शिक्षा निदेशक के आदेशों से बहल के कार्यवाहक खंड शिक्षा अधिकारी शिवकुमार को भिवानी खंड का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इस संबंध में तत्काल प्रभाव से निदेशालय के आदेशों से भी अवगत करा दिया है।
- नरेश महता, जिला शिक्षा अधिकारी भिवानी।