रामपुरा स्थित जोहड़ के पास मौजूद ग्रामीणों की भीड़।
बवानीखेड़ा। गांव बलियाली के कमाना तालाब में जमानत पर बाहर आए मारपीट के आरोपी का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान गांव रामपुरा निवासी मुकेश के रूप में हुई है। मृतक चार दिन पहले जिला जेल से जमानत पर बाहर आया था। वह लड़ाई-झगड़े के मामले में आरोपी था और जेल में हवालाती था।
मृतक के भाई के बयान पर पुलिस ने इत्तफाकिया मौत मामले के तहत कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया। सोमवार सुबह पुलिस को गांव बलियाली के सरपंच सचिव सरदाना ने सूचना दी कि गांव के कमाना तालाब में किसी का शव को देखा है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला। मृतक की जेब से आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड से मृतक के शव की शिनाख्त रामपुरा निवासी 38 वर्षीय मुकेश के रूप में हुई। मृतक के भाई रामफल ने पुलिस को बताया कि मुकेश शराब पीने का आदी था। शनिवार को वह अपने घर से ड्राइवरी के काम के लिए गया था।
सोमवार सुबह गांव बलियाली के सरपंच सचिव सरदाना ने फोन पर सूचना दी कि कमाना तालाब में एक शव दिखाई दे रहा है। मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला। शव की पहचान गांव रामपुरा निवासी मुकेश के रूप में की गई। मुकेश चार दिन पहले जिला जेल से जमानत पर बाहर आया था। वह लड़ाई-झगड़े के मामले में आरोपी था। मृतक के भाई के बयान पर इस मामले में इत्तफाकिया मौत की कार्यवाही की गई है।
-सब इंस्पेक्टर वेद सिंह, जांच अधिकारी, बवानीखेड़ा पुलिस थाना।