भिवानी के गांव ढाणी हरसुख में विवादित भूमि पर एक बुजुर्ग का अंतिम संस्कार किए जाने के मामले ने रविवार सुबह तूल पकड़ लिया और दो पक्षों के बीच तनातनी बढ़ गई। गांव में बुजुर्ग के अंतिम संस्कार किए जाने को लेकर काफी बवाल हुआ तो भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति नियंत्रित की। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
गांव ढाणी हरसुख में रविवार सुबह एक समुदाय के बुजुर्ग के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद हो गया। मामला विवादित भूमि पर बुजुर्ग का अंतिम संस्कार करने को लेकर हुआ। एक पक्ष का कहना है कि यहां श्मशान घाट की भूमि है। जिस पर रविवार को बुजुर्ग व्यक्ति की मौत के बाद उसका अंतिम संस्कार करने के लिए एक समुदाय के लोग जुटे थे। लेकिन दूसरे पक्ष के लोगों ने गांव के बीचोंबीच गंदे पानी की जोहड़ की भूमि पर बुजुर्ग के अंतिम संस्कार किए जाने पर एतराज जता दिया और इसकी सूचना ग्राम पंचायत को दी।
उनका कहना है कि यहां पिछले काफी सालों से गंदे पानी का जोहड़ है, जबकि अंतिम संस्कार के लिए गांव के बाहर बामला रोड पर श्मशान घाट बना हुआ है। यहां कोई भी अंतिम संस्कार नहीं होता है, क्योंकि ये जगह घनी आबादी से घिरी है। गांव के सरपंच प्रतिनिधि ने मौके पर पहुंचकर हालातों का जायजा लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। गांव में दो पक्षों के बीच बने तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस जब तक मौके पर पहुंचती तब तक ग्रामीण बुजुर्ग का विवादित जगह पर अंतिम संस्कार कर चुके थे। इसके बाद तनाव का माहौल बन गया। गांव के सरपंच प्रतिनिधि का आरोप है कि पुलिस प्रशासन ने इस मामले में ढिलाई बरती है जबकि गांव की इस भूमि पर मामला न्यायालय में भी ग्राम पंचायत की तरफ से लंबित चल रहा है।
गांव के बीचोंबीच पंचायती भूमि पर एक बुजुर्ग का अंतिम संस्कार किया गया जिसको लेकर विवाद हुआ है। पुलिस प्रशासन को समय रहते सूचना दी गई थी, मगर पुलिस ने समय पर कोई मदद नहीं की और इस मामले में ढिलाई बरती है। ग्राम पंचायत की तरफ से जिला प्रशासन को भी इस संबंध में लिखित में शिकायत दी जाएगी। भूमि को लेकर न्यायालय में भी मामला लंबित है।
-जयवीर, सरपंच प्रतिनिधि ढाणी हरसुख।
गांव ढाणी हरसुख में बुजुर्ग के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में हैं। गांव में तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
-रमेशंचद्र, एसएचओ, सदर पुलिस थाना भिवानी।