भिवानी। तोशाम क्षेत्र के गांव डाडम में एक किशोर की ट्रैक्टर से नीचे गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
मृतक के मामा ने बताया कि अंकित (15) गांव के नजदीक सरकारी स्कूल में दसवीं का छात्र था। वे दो भाई हैं, अंकित बड़ा था। उसके पिता मजदूरी करते हैं। शुक्रवार शाम को अंकित खेत में गया था। रात को करीब साढ़े आठ बजे वो ट्रैक्टर से घर आ रहे थे। अंकित ट्रैक्टर के पीछे डंडे पर बैठा था। रास्ते में ट्रैक्टर के सामने लावारिस पशु आने से ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ने से अंकित सड़क पर नीचे गिर गया। जिससे गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना राहगीरों ने उन्हें दी। जिस पर वे मौके पर पहुंचे और अंकित को जिला नागरिक अस्पताल में लेकर आएं। जहां अंकित ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को शवगृह में रखवा दिया।
अंकित के मामा ने बताया कि अंकित की आंखें उन्होंने दान कर दी हैं। परिजनों ने कहा कि उनका बेटा तो चला गया पर उसकी आंखें ये संसार देख पाएंगी। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया कार्रवाई कर, शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।