भिवानी। सदर पुलिस थाना क्षेत्र के एक गांव के राजकीय कन्या उच्च विद्यालय में नौवीं कक्षा की छात्रा के साथ स्कूल के ही अध्यापक पर छेड़छाड़ का आरोप लगा है। आरोपी शिक्षक छात्रा के मोबाइल फोन पर आपत्तिजनक मैसेज भेजकर उसे परेशान करता था। सदर पुलिस ने इस संबंध में छात्रा की शिकायत पर आरोपी अध्यापक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
सदर पुलिस को दी शिकायत में एक गांव की छात्रा (15) ने बताया कि वह गांव के ही राजकीय उच्च विद्यालय की नौवीं कक्षा की छात्रा है। उसने शिकायत में बताया कि करीब 20 दिन पहले स्कूल में अध्यापक ने उससे फोन नंबर मांगा, जिस पर उसने काम भेजने की बात कही थी। उसने अपने पिता का नंबर शिक्षक को लिखवा दिया। आरोपी स्कूल का काम भेजने के बजाय उस नंबर पर आपत्तिजनक मैसेज भेजने लगा। इतना ही नहीं आरोपी ने बात नही करने पर उसे फेल कर देने और स्कूल से निकलवा देने की भी धमकी दी।
छात्रा का आरोप है कि आरोपी ने एक दिन उससे कहा कि वह खुद को चाकू मार लेगा और अपनी नशे काट लेगा। इसके बाद आरोपी ने अपने हाथ पर चाकू से काटने का एक फोटो भी उसके पास भेजा। उसने इस बारे में अपने परिजनों को बताया, जिसके बाद मामले की शिकायत सदर पुलिस थाना में दर्ज कराई। सदर पुलिस ने पीड़ित छात्रा के मौसी की मौजूदगी में बयान दर्ज कराए। पुलिस ने इस संबंध में आरोपी अध्यापक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस ने पीड़ित छात्रा के बयान दर्ज कर इस संबंध में आरोपी अध्यापक के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। सरकारी स्कूल के अध्यापक पर इस तरह का गंभीर आरोप है।
-रमेशचंद्र, डीएसपी हेडक्वार्टर, भिवानी।