भिवानी। हरियाणा एड्स कंट्रोल सोसायटी एवं स्वास्थ्य विभाग ने अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर वाद-विवाद प्रतियोगिता करवाई। इसमें राजीव गांधी महिला महाविद्यालय की तान्या व खुशी ने प्रथम, राजकीय महिला महाविद्यालय तोशाम की भावना व खुशी ने द्वितीय और आदर्श महिला महाविद्यालय की अनीता व सोनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में विभिन्न महाविद्यालयों के बीच आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में जिले के 15 महाविद्यालयों के रेड रिबन क्लब के विद्यार्थियों ने भाग लिया। उप सिविल सर्जन डॉ. सुमन विश्वकर्मा ने बताया कि हरियाणा एड्स कंट्रोल सोसायटी व स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह प्रतियोगिता लोगों विशेषकर विद्यार्थियों को एचआईवी व एड्स के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से करवाई जा रही है। प्रतियोगिता में जिला स्तर पर प्रथम आने वाली टीम राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेगी।
राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीम को राष्ट्री स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर सिविल सर्जन रघुवीर शांडिल्य, सीबीएलयू के जीव विज्ञान विभाग के डीन प्रो. संजीव कुमार, डॉ. अश्वनी, डॉ. ऋषिपाल, स्वास्थ्य विभाग के एसए संदीप, सीमा, एमईओ शक्ति उपस्थित थे। संवाद