भिवानी। शहर में पेट्रोलियम कंपनी सीएनजी और पीएचजी की पाइप लाइन डालने का काम कर रही है। इसी कार्य के दौरान बोरिंग मशीन ने पंचायत भवन के सामने से गुजर रही पुराने जलघर की मुख्य पेयजल लाइन को तोड़ डाला। इस लाइन के टूटने से पंचायत भवन से महम रोड की करीब छह कॉलोनियों की पेयजल आपूर्ति भी ठप हो गई। वहीं लाइन को दुरुस्त कराने के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग अधिकारियों ने कंपनी पर ही हर्जाना डाला। वहीं पंचायत भवन के सामने लाइन लीकेज ठीक कराने के लिए खोदे गए गड्ढे से परेशानी झेलनी पड़ी वहीं सड़क पर भी दूर तक पानी फैल गया।
शहरी दायरे में पेट्रोलियम कंपनी अपनी पाइप लाइन डाल रही हैं, जिससे सीधे घरों के अंदर ही पाइप लाइन के जरिए घरेलु उपयोग गैस व विभिन्न संस्थाओं को सीएनजी व गैस की आपूर्ति कराई जा सके। पंचायत भवन के सामने मशीन से बोरिंग कर पाइप डालने के दौरान पुराने जलघर से महम रोड के क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति के लिए डाली गई सीमेट की पाइप लाइन टूट गई। ये पाइप लाइन करीब 35 साल पहले डाली गई थी।
इस लाइन के टूटने से पंचायत भवन से बड़ चौक, कीर्ति नगर, विद्या नगर कॉलोनी,नई बस्ती सहित आसपास की करीब छह कॉलोनियों की करीब 25 हजार से अधिक की आबादी की पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो गई। लोगों ने बताया कि दो दिन से घरों में पानी नहीं आया। वहीं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को जब इसकी भनक लगी तो कंपनी पर ही पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त किए जाने का हर्जाना डाला और लाइन दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इसके बाद कंपनी के हर्जाने पर ही जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने क्षतिग्रस्त लाइन को दुरुस्त कराने का काम शुरू कराया।
पुराने जलघर के टैंकों में बचा सिर्फ तीन फुट पानी
महम रोड स्थित पुराने जलघर के नौ टैंकों में सिर्फ तीन फूट पानी का भंडारण बचा है। सिंचाई विभाग के अनुसार जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग अधिकारियों को 29 जनवरी को नहर में पानी आने का आश्वासन मिला है। ऐसे में करीब नौ दिनों तक पानी की आपूर्ति कर पाना संभव नहीं है। हालांकि जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने पुराने शहरी दायरे में एक दिन छोड़कर एक दिन पेयजल आपूर्ति का शेड्यूल भी निर्धारित किया है। इसके बावजूद भी पेयजल आपूर्ति चलाने के लिए निनान जलघर से पानी की व्यवस्था कराने की तैयारी कर ली है। निनान और डाबर कॉलोनी के जलघर टैंकों में अभी आपूर्ति के लिए पानी बचा है। जिससे शहरी के बाहरी कॉलोनियों में अभी आपूर्ति ठीक है।
पंचायत भवन के सामने पैट्रोलियम कंपनी कर्मचारियों ने मुख्य पेयजल आपूर्ति की लाइन का पाइप तोड़ दिया था। जिसे ठीक कराने के लिए कंपनी को ही हर्जाना भरना पड़ा है। लाइन को ठीक किया जा रहा है। पुराने जलघर के टैंकों में तीन फुट पानी भंडारण बचा है। आपूर्ति चलाने के लिए निनान जलघर से भी अतिरिक्त पानी की व्यवस्था कराई जाएगी। 29 जनवरी को नहरों में पानी आएगा। इसके बाद ही राशनिंग खत्म होगी।
-प्रदुमन, कनिष्ठ अभियंता, शहरी पेयजल आपूर्ति जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग भिवानी।