बवानीखेड़ा। बवानीखेड़ा से लेकर गांव सुमड़ा खेड़ा तक अब 18 फुट चौड़ा रोड बनाया जाएगा। पहले यह रोड मात्र 12 फुट चौड़ा था। इससे भारी वाहनों को आपसी क्रॉसिंग के समय दिक्कतें होती थीं। रोड के साथ-साथ तीन-तीन फुट की बर्म भी बनेगी। गंदे पानी निस्तारण के लिए गांव की आबादी भरे इलाके में करीब 400 मीटर लंबा नाले का भी निर्माण किया जाएगा।
कस्बा बवानीखेड़ा से सुमराखेड़ा संपर्क मार्ग 2.1 किलोमीटर लंबा है। इस संपर्क मार्ग से ही ग्रामीण बवानीखेड़ा आते हैं। पिछले काफी अर्से से यह रास्ता खस्ताहाल बना था। ग्रामीणों की मांग थी कि गांव की सड़क को चौड़ा किया जाए। पीडब्ल्यूडी विभाग ने पिछले दिनों इस रोड का टेंडर जारी कर दिया और वर्क ऑर्डर दे दिया है। ठेकेदार ने करीब एक सप्ताह पहले रोड बनाने का काम शुरू कर दिया है। रोड करीब 90 लाख रुपये की लागत आएगी ।
400 मीटर लंबा बनेगा नाला
घरों के पास में रोड के दोनों साइड करीब 400 मीटर लंबा नाला बनेगा। दो मीटर चौड़ा व दो मीटर गहरा नाला बनाने का काम शुरू हो चुका है। अब गांव की गलियों का गंदा पानी सड़कों पर नहीं जमा होगा। इसके बाद पंचायती जमीन के गड्ढे में गंदे पानी की निकासी का काम किया जाना बाकी है।
बवानीखेड़ा से सुमड़ा खेड़ा रोड के करीब 2.1 किलोमीटर लंबा रोड बनाने का काम शुरू हो चुका है। सड़क को 18 फीट चौड़ा बनाया जा रहा है। गांव की आबादी में घरों के दोनों साइड करीब 400 मीटर लंबा नाले का भी निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। जल्द ही ग्रामीणों को नई सड़क व नाले की सुविधा प्रदान कर दी जाएगी।
-सतपाल सिंह, कनिष्ठ अभियंता , पीडब्ल्यूडी बवानीखेड़ा।