क्रिकेट मैच के दौरान एसपी इलेवन और बार इलेवन की टीमें।
भिवानी। एसपी इलेवन और बार इलेवन की टीम के बीच शनिवार को जी लिट्रा ग्राउंड पर टी-20 मैच खेला गया। इस मैच को एसपी इलेवन की टीम ने एक रन से जीत लिया।
भिवानी बार क्लब के कप्तान मुकेश गुलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। एसपी की टीम की तरफ से ओपनिंग करने उतरे बल्लेबाज डीएसपी वीरेंद्र सिंह और ट्रैफिक एसएचओ विक्रांत ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए छह ओवर में 56 रन बनाए। बार टीम के कप्तान मुकेश गुलिया, पियूष वर्मा, अजय यादव की अच्छी गेंदबाजी के आगे एसपी की टीम 20 ओवर में 182 रन ही बना सकी। भिवानी बार की टीम की तरफ से पियूष वर्मा ने दो विकेट, कप्तान मुकेश गुलिया ने तीन विकेट और अजय यादव ने तीन विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए भिवानी बार क्लब ने शुरुआती छह ओवर में 69 रन बनाए और पहले विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी निभाई। आसानी से जीत की तरफ बढ़ रही भिवानी बार क्लब को एएसपी लोगेश ने अपने पहले ही ओवर में झटका दिया और 59 रन बनाकर खेल रहे योगेंद्र को आउट किया। उन्होंने अपने चार ओवर में मात्र 29 रन दिए। भिवानी बार क्लब को अंतिम ओवर में जीत के लिए छह रन चाहिए थे लेकिन टीम सिर्फ चार रन ही बना पाई। एसपी इलेवन ने एक रन से मैच जीत लिया।
इस मौके पर डीएसपी वीरेंद्र सिंह जिनका ट्रांसफर मैच से एक दिन पहले ही फतेहाबाद हो गया है, सब ने मिलकर उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। इस मौके पर साइबर क्राइम थाना एसएचओ सहित अन्य पुलिस अधिकारी और बार क्लब की ओर से अधिवक्ता सुरजीत सैनी, रजनीश तिवारी, सुमित जैलदार, नवीन प्रताप, वीरेंद्र शेखावत, सचिन सिंगला, मनोज खना, राजेश आर्य, अजय यादव, कृष्ण मलिक मौजूद थे।