भिवानी। जिले की 11 मंडियों में गेहूं की खरीद निर्धारित है, लेकिन ढिगावामंडी, लोहारू और बहल में वीरवार तक गेहूं की खरीद नहीं की गई। शुक्रवार को इन मंडियों में थोड़ी बहुत आवक दर्ज की गई। वहीं आठ मंडियों में गेहूं की शुक्रवार को आवक तेज हो गई। भिवानी की नई अनाज मंडी में डेढ़ सौ किसान 11130 क्विंटल गेहूं के साथ पहुंचे, जबकि 504 किसान अपनी दस हजार क्विंटल सरसों लेकर मंडी में पहुंचे।
अधिकारियों के निरीक्षण के बाद भी मंडी में व्यवस्था दुरुस्त नहीं कराई गई। भिवानी मंडी में करीब 40 हजार से अधिक कट्टे उठान के इंतजार में पड़े हैं, जबकि चार हजार कट्टों का ही उठान हो पाया है। अधिकारियों का दावा है कि शनिवार से किसानों के खाते में फसल का भुगतान भी शुरू करा दिया जाएगा। अब तक गेहूं की सरकारी खरीद में किसानों के खाते में कोई भुगतान नहीं हुआ है।
किसानों की शिकायत पर अधिकारियों को कृषिमंत्री ने लगाई फटकार
तोशाम। कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि किसान की फसल खरीद में कोई कटौती नहीं की जाएगी अगर ऐसी शिकायतें आई तो कार्रवाई होगी। कृषि मंत्री शुक्रवार दोपहर तोशाम अनाज मंडी में पहुंच कर सरसों व गेहूं खरीद का निरीक्षण किया। किसानों द्वारा फसल खरीद में नमी के नाम पर कटौती किए जाने की शिकायत पर कृषि मंत्री ने अधिकारियों को झाड़ लगाई और कहा कि दोबारा इस तरह की शिकायत मिली तो कार्रवाई होगी। किसानों की समस्याएं सुनते हुए उन्होंने कहा कि किसान तीन-चार सदस्यीय कमेटी का गठन कर लें, कोई शिकायत है तो कमेटी का एक सदस्य सीधे मुझे फोन पर बताएं। फसल खरीद में किसानों को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इस मौके पर जिला परिषद चेयरपर्सन अनिता मलिक, पूर्व विधायक शशिरंजन परमार, एसडीएम मनीष कुमार फौगाट, मार्केट कमेटी सचिव सुदेश श्योराण, एसडीओ विक्रम पुनियां, क्रशर एसोसिएशन प्रधान कृष्ण मलिक उपस्थित रहे।
कृषि मंत्री और विधायक ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
बवानीखेड़ा,लोहारू, ढिगावा। कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने शुक्रवार को बवानीखेड़ा, लोहारू, बहल व ढिगावा अनाज मंडियों का औचक निरीक्षण लिया। बवानीखेड़ा में निरीक्षण के दौरान विधायक बिशम्बर वाल्मिकी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री ने फसल खरीद के साथ-साथ उठान कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बवानीखेड़ा अनाज मंडी में निरीक्षण के दौराना आढतियों ने पर्याप्त बारदाना न होने व खरीद कार्य धीमा होने होने की शिकायत की। इस पर कृषि मंत्री ने खरीद एजेंसी अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद कार्य में किसानों के समक्ष किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। किसान को टोकन समय पर दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां पर टोकन काटा जाता है, वहां पर छाया का प्रबंध किया जाए ताकि किसान धूप में खड़ा न रहे। वहीं पर पेयजल का पर्याप्त प्रबंध हो।
बहल उप तहसील में अब चार दिन होगा रजिस्ट्रेशन का काम
बहल। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल ने बहल अनाज मंडी में सरसों खरीद कार्य का निरीक्षण करते हुए क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं। कृषि मंत्री ने लोगों की मांग पर बहल उपतहसील में रजिस्ट्रेशन के लिए कार्य दिवस दो की जगह चार दिन करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने बहल उपतहसील में कंप्यूटर सिस्टम की कमी से हो रही असुविधा पर दो कंप्यूटर सिस्टम दिए जाने की की घोषणा की। शुक्रवार को बहल अनाज मंडी में सरसों व गेहूं की सरकारी खरीद कार्य का निरीक्षण कर मंत्री ने कहा कि अगर किसी हैंडलिंग एजेंट ने फसल में नाजायज कटौती करने का प्रयास किया तो वे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। वे इस मामले में पूरी तरह से किसान के पक्ष में है। उन्होंने खरीद एजेंसी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे इस मामले में पूरी नजर रखेें और किसान के साथ किसी प्रकार की ज्यादती न होने दें। कृषि मंत्री ने फसल की आवक और खरीदी गई सरसों के उठान की मार्केट सचिव अनिल कुमार से जानकारी ली और कहा कि खरीद और उठान प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। इस अवसर पर नायब तहसीलदार गौरव राजौरा ,डीएमईओ श्यामसुंदर, एक्सईएन अजय राठी, सचिव अनिल कुमार, बीएओ संजीव कुमार, बीडीसी चेयरमैन विजय फोगाट, सरपंच साधूराम पनिहार, पूर्व सरपंच गजानंद अग्रवाल, पूर्व चेयरमैन सुशील केडिया, विधानसभा संयोजक सुनील सिरसी, सतबीर चैहड़, अजय बिधनोई, विरेन्द्र लांबा, रितेश बहल, पवन सुरपुरा, उमेद सोरड़ा मौजूद रहे।