घंटाघर के नजदीक सीवर मैनहॉल निर्माण के लिए लगाया गया बोरिंग।
भिवानी। घंटाघर से सराय चौपटा जाने वाले मार्ग पर फिर से सीवर मैनहोल धंस गया है, जिसकी वजह से सीवर ठप हो गया है। यह दो माह में तीसरी बार हुआ है। अब जनस्वास्थ्य विभाग ने इस मैनहोल को नया बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को कर्मचारियों ने सीवर के पास जलस्तर को कम करने के लिए बोरिंग किया है, जिसकी मोटर 24 घंटे चालू रहेगी।
वहीं मुख्य बाजार में चल रही कार्य के चलते एक तरफ पुलिस ने बैरिकेड्स लगाए हैं, ताकि दुपहिया व ई-रिक्शा भी कम से कम आए और काम जल्दी पूरा हो सकें। घंटाघर के नजदीक सीवर मैनहोल पहले भी धंस चुका है, लेकिन जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने उसकी मरम्मत कर इसका अस्थायी समाधान किया था।
अब दोबारा से यही समस्या बनने की वजह से इसे नया बनाने की योजना बनाई गई है। इस पर करीब दो लाख रुपये खर्चा आएगा। इसका कार्य अलॉट किया जा चुका है। भूमिगत जलस्तर कम होने पर ही इस सीवर को ध्वस्त करके निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। दूसरी तरफ दिनोद गेट पर दो जगह बोरिंग कर भूमिगत जलस्तर कम करने का कार्य जारी है। वहीं हालुवास गेट पर करीब 24 फुट गहरी खोदाई की जा चुुकी है, इसमें ठप सीवर को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है। शहर में ठप सीवर को दुरुस्त करने के कार्य की वजह से बार-बार जाम लग रही है, जिसके कारण वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालुवास गेट की तरफ से रोहतक गेट जाने वाले मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश निषेध किया हुआ है। यहां सिर्फ दुपहिया वाहन को प्रवेश की अनुमति है।
घंटाघर के नजदीक सीवर मैनहोल काफी खस्ताहाल में है। बार-बार धंसे की वजह से इसमें मरम्मत कार्य नहीं हो सकता। ऐसे में इसके दोबारा निर्माण का कार्य दिया जा चुका है। भूमिगत जलस्तर कम होते ही निर्माणकार्य शुरू करवाया दिया जाएगा।
- आशीष कुमार, कनिष्ठ अभियंता शहरी सीवरेज शाखा भिवानी।