तोशाम (भिवानी)। तोशाम क्षेत्र के गांव बागनवाला में जानलेवा हमला करने से गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति ने पांच दिन बाद इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वारदात से गुस्साए परिजन शनिवार देर शाम को मृतक के शव को एंबुलेंस में लेकर उपमंडल कार्यालय तोशाम के बाहर सड़क पर बैठ गए। तोशाम पुलिस ने एक नामजद सहित तीन पर हत्या प्रयास के केस को हत्या में बदल दिया और इस संबंध में आरोपियों की तलाश तेज कर दी। सूचना मिलने पर एएसपी लोगेश कुमार और तोशामा थाना एसएचओ सुखबीर जाखड़ मौके पर पहुंचे।
तोशाम पुलिस थाना में दी शिकायत में गांव बागनवाला निवासी विकास ने बताया था कि चार जून की शाम को वह अपनी बाइक और धर्मचंद अपनी स्कूटी से खेत में लावारिस पशुओं की रखवाली के लिए गए थे। दोनों ने अपने वाहन खड़े कर खेत में सो गए। देर रात करीब साढे़ 12 बजे धर्मचंद के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी तो वह उठा और उसके पास पहुंचा तो गांव का बिजेंद्र उर्फ तातिया लाठी से दो अन्य युवकों के साथ धर्मबीर पर हमला कर रहा था। धर्मचंद के चेहरे और सिर में गंभीर चोटें थीं। वहीं दोनों के वाहनों को भी आरोपियों ने तोड़ डाला। इलाज के लिए धर्मचंद को अस्पताल ले जाया गया। जहां शनिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। तोशाम पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या प्रयास का केस दर्ज किया था।
परिजनों ने मृतक के बेटे को पुलिस सुरक्षा मुहैया करवाने व एक और नामजद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने की मांग की। इस पर एएसपी लोगेश ने लिखित शिकायत पर जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। तोशाम पुलिस थाना एसएचओ सुखबीर जाखड़ ने बताया कि धर्मचंद पर जानलेवा हमला करने वालों के खिलाफ केस दर्ज किया था। धर्मचंद की मौत के बाद तीनों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। जल्द ही पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। वहीं देर शाम तक मृतक के शव को एंबुलेंस में लेकर परिजन उपमंडल कार्यालय तोशाम में डटे थे।