त्योहार के दौरान मिलावटी मिठाइयों और खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता की जांच को लेकर छापा मार कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार दोपहर बाद मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने कोंट रोड पर एक गोदाम में छापा मारा। जहां पैकिंग में भारी मात्रा में सोहन पापड़ी का भंडारण किया गया था। दिवाली पर ये मिठाइयां बेचने के लिए बाहर से यहां लाई गईं थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. पुनीत शर्मा ने सोहन पापड़ी के चार सैंपल एकत्रित किए। जिन्हें लैब में जांच के लिए भेजा जाएगा। वहीं मुख्यमंत्री उड़नदस्ते में शामिल सीआईडी इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने गोदाम में मिठाइयों के भंडारण संबंधी दस्तावेज मांगे तो मौके पर मौजूद मुनीम कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया। इसके बाद टीम ने कोंट रोड स्थित एक पशु डेयरी में छापा मारा। जहां तैयार किए जा रहे पनीर के सैंपल भी खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने एकत्रित किए और इन्हें सील किया। इसके बाद मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम बावड़ी गेट क्षेत्र में स्थित एक पेठा फैक्टरी में पहुंची। जहां गंदगी भरे माहौल में भारी मात्रा में पेठा तैयार किया जा रहा था। पेठा निर्माता से फैक्टरी में पेठा तैयार किए जाने की प्रक्रिया को समझा और यहां साफ-सफाई की सख्त हिदायतें दी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने पेठे के भी चार सैंपल लिए और इन्हें जांच के लिए लैब भेजा।
त्योहारी सीजन के दौरान मिठाइयों और खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। किसी भी तरह की मिलावट की आशंका के चलते सैंपल लेकर लैब में जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। अगर जांच के दौरान सैंपल की गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो उस पर संबंधित फर्म संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कराई जाएगी। शहरवासियों से भी अनुरोध है कि अगर किसी इलाके में खराब व मिलावटी मिठाइयां व खाद्य वस्तु तैयार की जा रही है तो इसकी सूचना संबंधित पुलिस या फिर खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।
-डॉ. पुनीत शर्मा, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी, भिवानी।
त्योहारी सीजन के दौरान शहर में संदिग्ध गतिविधियों पर गुप्तचर विभाग की कड़ी निगरानी है। हमारा शहरवासियों से भी अनुरोध है कि वे अपने आसपास किसी भी तरह की गैर कानूनी या फिर संदिग्ध गतिविधियों को देखते हैं तो तुरंत इसकी सूचना संबंधित पुलिस थाना, चौकी या फिर गुप्तचर विभाग को दें, जिस पर तत्परता से कार्रवाई कराई जाएगी। किसी भी रिहायशी इलाके में पटाखों का अवैध भंडारण हो रहा है तो इस बारे में तुरंत पुलिस को बताएं।
-इंस्पेक्टर सुनील कुमार, प्रभारी जिला गुप्तचर विभाग, भिवानी।