भिवानी। धनतेरस व दिवाली पर पुलिस सुरक्षा की दृष्टि से शहर में 19 जगह बाजारों में मचान लगाएगी। जिस पर पुलिस सुरक्षा जवान निगरानी रखेंगे। वहीं जिले भर में 22 जगहों पर नाकेबंदी की जाएगी और 24 टीमें पैदल गश्त करेंगी। 20 गाड़ियों से पैट्रोलिंग होगी। सार्वजनिक स्थलों पर भी पुलिस सुरक्षा बढ़ाई जाएगी।
शहर के भीड़ भरे बाजारों व मुख्य जगहों पर एसएचओ, पीसीआर व महिला पीसीआर के अलावा दुर्गा शक्ति मोबाइल, व पुलिस रायडर भी लगातार गश्त पर रहेंगे। पुलिस प्रवक्ता अभिषेक यादव ने बताया कि जिले में सुरक्षा को देखते हुए वाहनों की गहनता से चेकिंग के लिए 22 पुलिस नाके लगाए गए है। त्योहार के समय भारी वाहनों व यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए शहर में सात यातायात नाके लगाए गए हैं। इसके अलावा सुरक्षा व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे जिले में 24 पैदल गश्त टीम लगाई गई है।
पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह ने जिले के सभी थाना प्रबंधक व चौकी इंचार्ज को धनतेरस व दीपावली को देखते हुए अपने-अपने क्षेत्र में प्रभावी गश्त करके व ड्यूटी लगाकर कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक ने जिला वासियों से अपील की है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में वो जिला पुलिस को सहयोग करें।