भिवानी। सदर पुलिस ने आर्मी में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने व फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देने के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गांव मानहेरू निवासी सुनील ने सदर पुलिस को शिकायत दी थी, जिसमें उसने आरोप लगाया था कि गांव मधमाधवी निवासी कुछ लोगों को आर्मी में भर्ती कराने के मामले में 17 लाख रुपये दिए थे। दिसंबर 2019 को उन्हें फोन पर बताया गया कि आर्मी में नौकरी लगवा दी है और अपना ज्वाइनिंग लेटर ले जाओ। ज्वाइनिंग लेटर में 29 जनवरी 2020 नागपुर में ज्वाइनिंग दर्शायी गई थी। ज्वाइंनिंग लेटर में दिए हुए पते पर पहुंचे तो वहां इसके फर्जीवाड़े का खुलासा हो गया। इसके बाद आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो नहीं दिए और उन्हें धमकी दी। इस संबंध में शिकायत सदर पुलिस को दी। पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। सदर पुलिस के उपनिरीक्षक वीरेंद्र ने दूसरे आरोपी को भीम स्टेडियम से गिरफ्तार किया। जिसकी पहचान धर्मपाल निवासी मधमाधवी के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने धर्मपाल को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार भेजने के आदेश हुए हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है।