भिवानी। स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने जब्त किए गए वाहनों को ले जाते समय आरटीए के सहायक सचिव और उनकी टीम पर हमला कर दिया। इस घटना में चरखी दादरी के आरटीए सहायक सचिव कुलदीप घायल हो गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। वहीं, इस घटना में अन्य घायल आरटीए वाहन चालक के बयान पर पुलिस ने तीन आरोपियों को नामजद करते हुए आठ-दस लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में चरखी दादरी निवासी संजीत ने बताया कि वह आरटीए चरखी दादरी में बतौर स्टाफ चालक के पद पर कार्यरत हैं। वीरवार रात को चरखी दादरी आरटीए में तैनात सहायक सचिव कुलदीप, गार्ड दीपक, प्राइवेट वाहन चालक नवीन और वह गांव हिंडोल गए थे। वहां पर जब्त की गई दो वाहनों को प्राइवेट वाहन के साथ जोड़कर दीपक और नवीन कितलाना पार्किंग की तरफ आ रहे थे। वह और सहायक सचिव कुलदीप दोनों अलग वाहनों में उनके साथ चल रहे थे।
गौरीपुर के समीप एक स्कॉर्पियो में आठ-दस व्यक्ति आए। स्कार्पियो सवार बदमाशों ने वाहन में बैठे सहायक सचिव कुलदीप को खिड़की से बाहर खींच लिया और उनकी पिटाई कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद स्कार्पियो सवार फरार हो गए। राहगीरों ने घायलों को भिवानी नागरिक अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने घायल सहायक सचिव कुलदीप को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।
पुलिस ने इस मामले में फतेहगढ़ निवासी मोनू, संदीप और ढाणी आदमपुर सरपंच छाजू को नामजद करके अन्य आरोपियों के खिलाफ सदर पुलिस थाना में मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धारा के तहत केस दर्ज कर लिया है। सदर पुलिस थाना के एसआई रणबीर सिंह ने बताया कि पुलिस आरटीए कर्मचारियों पर हमला करने वालों की तलाश में जुटी है।