भिवानी। खुद को पुलिस अधिकारी बताकर एक बुजुर्ग से उसके बेटे को दुष्कर्म के केस में बचाने का झांसा देकर डेढ़ लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
शहर की कृष्णा कॉलोनी निवासी गुलशन ने बताया कि 17 मार्च को उसके पास एक व्हाट्सएप कॉल आई। जिस पर बोलने वाले ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और उसके बेटे को दुष्कर्म के मामले में पकड़ने की बात कही। उन्होंने बताया कि चार बच्चों को पकड़ा है, तीन को तो उन्होंने अंदर कर दिया है। तीनों युवकों की पिटाई का वीडियो भी उसके पास भेजा। उसने कहा कि उसका बेटा शरीफ लग रहा है।
उसे बचाने के लिए 50,000 रुपये भेजो। उसने डर की वजह से 50,000 रुपये खाता में डाल दिए। इसके बाद फिर मुंशी के लिए 45,000 रुपये मांगे। उसने कहा कि मुंशी नहीं मान रहा है। इस पर उसने ये पैसे भी भेज दिए। इसके बाद उसने बताया कि चारों का मेडिकल कराने अस्पताल गए थे, वहां डॉक्टर ने उसके बेटे का नाम लिख दिया है। इस पर डॉक्टर के नाम पर भी डेढ़ लाख रुपये मांगे। इस पर उसने 50,000 रुपये तो भेज दिए, इसी बीच उसका बेटा भी घर आ गया।
उसे पता चला कि किसी ने उसे ब्लैकमेल करते हुए करीब डेढ़ लाख रुपये की ठगी की है। इस संबंध में मामले की शिकायत साइबर क्राइम पुलिस थाना में दी। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।