भिवानी। हरियाणा सरकार में नौकरी के लिए आयोजित होने वाली सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) के लिए रोडवेज विभाग स्पेशल बस चलाएगा। इसके लिए भिवानी बस स्टैंड पर परीक्षा केंद्रों तक जाने वाली बसों की एडवांस बुकिंग भी तीन नवंबर से शुरू होगी। रोडवेज प्रशासन ने बेरोजगार युवाओं की सुविधा के लिए ये कदम उठाया है।
हरियाणा सरकार ने नौकरियों की पात्रता के लिए सामान्य पात्रता परीक्षा यानी सीईटी के लिए पांच व छह नवंबर को परीक्षा आयोजित की है। इनके लिए विभिन्न जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रोडवेज ने स्पेशल बसों की व्यवस्था कराई है। इसके लिए परीक्षार्थी परीक्षा से एक या दो दिन पहले ही परीक्षा केंद्र तक जाने वाली बसों में एडवांस टिकट बुकिंग करा सकेंगे। भिवानी बस स्टैंड पर पंचायत चुनावों में मतदान के बाद तीन नंबर से एडवांस टिकट बुकिंग की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि भिवानी डिपो में विभिन्न रूटों पर रोडवेज की करीब 147 बस दौड़ रही हैं। इनमें अधिकतर बसें लंबे रूटों पर चलाई जा रही हैं, जबकि लोकल रूटों पर भी रोडवेज की बस लगी हैं। परीक्षा के लिए पांच और छह नवंबर को कई लोकल रूटों की बसों को भी रोडवेज प्रशासन परीक्षा केंद्रों तक दौड़ाने की तैयारी कर रहा है। ऐसे में लोकल रूटों पर यात्री सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
वहीं रोडवेज प्रशासन का कहना है कि युवाओं के लिए बसों की व्यवस्था कराई जाएगी। ऐसे लोकल रूटों से बसें ली जाएंगी, जहां व्यवस्था ज्यादा प्रभावित न हो। सीईटी परीक्षा में भिवानी जिले से हजारों बेरोजगार युवा परीक्षा देंगे। हालांकि अभी तक परीक्षा केंद्रों की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। चुनावों के बाद परीक्षा केंद्रों और परीक्षा की सुरक्षा से जुड़े कदम भी प्रशासन द्वारा उठाए जाएंगे।
रोडवेज प्रशासन सीईटी परीक्षा के लिए स्पेशल बस चलाएगा। परीक्षा के लिए चलाई जाने वाली बसों के लिए बस स्टैंड पर तीन नवंबर से एडवांस टिकट बुकिंग की व्यवस्था भी कराई जाएगी। परीक्षा केंद्रों के रूट भी तीन नंबर को ही सार्वजनिक किए जाएंगे।
- डॉ. नेत्रपाल खत्री, डिपो महाप्रबंधक, भिवानी हरियाणा राज्य परिवहन विभाग।