भिवानी। अब रोडवेज डिपो के चालकों व परिचालकों से ऑन रूट पर ही कार्य लिया जाएगा। शारीरिक तौर पर अस्वस्थ या डिपो के जरूरी कार्य होने पर ही चालकों व परिचालकों से अन्य कार्य करवाएं जाएंगें। जिससे ग्रामीण व लंबे रूटों पर यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। इसके लिए रोडवेज निदेशालय ने सभी डिपो प्रबंधकों को पत्र जारी किया है।
निदेशालय द्वारा जारी किए निर्देशों में डिपो महाप्रबंधकों को कहा है कि डिपो के जिन चालकों व परिचालकों से अन्य जगहों पर कार्य लिया जा रहा है या ऐसे चालक व परिचालक जो एक साल से अन्य कार्यों में लगे हैं उन्हें अन्य कामों से हटाकर उनसे रूटों पर काम लिया जाए। साथ ही डिपो महाप्रबंधक को रूटों के बजाय अन्य काम कर रहे कर्मचारियों की रिपोर्ट भी रोडवेज निदेशालय में भेजने के आदेश दिए गए हैं। डिपो में अन्य कार्य करने वाले कर्मचारियों का रिकार्ड भी अब रोडवेज निदेशालय के पास रहेगा। कर्मचारियों को दूसरी जगह बदलने के लिए डिपो महाप्रबंधक को रोडवेज निदेशालय से ही अनुमति लेनी होगी। जिसके लिए ठोस कारण भी बताना होगा। इसके अलावा रोडवेज निदेशालय ने उन सभी चालकों व परिचालकों की रिपोर्ट भी मांगी है, जिन्होंने पिछले तीन सालों के दौरान हर साल 500 से कम किलोमीटर का सफर तय किया है। जिसकी रिपोर्ट महाप्रबंधक को रोडवेज निदेशालय में जमा करवानी है। रोडवेज निदेशालय के इस निर्णय से यात्रियों को भी सुविधा होगी। वहीं रूट भी प्रभावित नहीं होंगे। संवाद
कर्मचारियों की ड्यूटी के बारे में निदेशालय से पत्र आया है। मुख्यालय की गाइड लाइन का पालन किया जाएगा। वहीं यात्रियों की सुविधा के अनुसार बसों का संचालन किया जा रहा है। डिपो की ज्यादातर बसों का संचालन सुचारु रूप से किया जा रहा है। डिपो के ज्यादातर कर्मचारी ऑन रूट ही है।
- विक्रम सिंह कंबोज, डिपो महाप्रबंधक भिवानी।