Haryana Roadways सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
अलीगढ़ और अलवर रूट पर अच्छी आमदनी के बाद अब भिवानी डिपो से मुरादाबाद और मेरठ तक जल्द ही रोडवेज बसें दौड़ेंगी। बसों के संचालन को लेकर इसी सप्ताह मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इंटरस्टेट रूट परमिट मिलने के बाद भिवानी से सीधी गढ़ गंगा तक जाना आसान होगा। पितृपक्ष के दौरान धार्मिक स्थलों पर जाने के लिए श्रद्धालुओं का रुझान बढ़ जाता है।
भिवानी डिपो में 95 रोडवेज बसों के सहारे करीब 91 से अधिक रूटों पर बस सेवाएं संचालित हैं। इनमें चार इंटरस्टेट रूट परमिटों पर नई बस सेवा का मसौदा तैयार किया गया है। इसमें अलीगढ़ और अलवर दो इंटरस्टेट रूट हाल ही में रोडवेज ने चालू कर दिए और इन रूटों पर दौड़ रही बस अच्छी आमदनी दिला रही हैं।
इसी तरह अब रोडवेज मुरादाबाद और मेरठ तक सीधी बस सेवाएं चालू करने का खाका तैयार कर चुका है। इसके लिए मुख्यालय को रूट परमिट के लिए भी मसौदा भेजा है। इसी सप्ताह इन रूटों पर नई बसों को चलाने की मंजूरी की उम्मीद है।
केएमपी पर चंद घंटों में तय होगा बसों का सफर
भिवानी से मुरादाबाद के लिए सीधी बस सेवा में केएमपी (कुंडली-मानेसर-पलवल) के रास्ते चंद घंटों में सफर तय होगा। ये बस भिवानी से कलानौर, रोहतक होते हुए बहादुरगढ़ से केएमपी पर चढ़ जाएगी, जो कि गढ़ गंगा और हापुड़ फिर मुरादाबाद तक जाएगी। मेरठ की बस भी वाया कलानौर, रोहतक, सोनीपत, बागपत होते हुए मेरठ तक पहुंचेगी। लंबी दूरी के इस रूट पर भी काफी यात्री रोजाना सफर करते हैं, जिन्हें भिवानी से मेरठ के लिए सीधी बस सेवा मिलेगी।
अलीगढ़ और अलवर रूट पर रोडवेज की अच्छी आमदनी हो रही है। इन रूटों पर यात्रियों को भी बेहतर सुविधाएं मिली हैं। इसके बाद इसी सप्ताह मेरठ और मुरादाबाद के लिए भी नई बस सेवा शुरू की जाएगी। इसके लिए रोडवेज प्रशासन तत्परता से कदम उठा रहा है।
-डॉ. नेत्रपाल खत्री, डिपो महाप्रबंधक, भिवानी रोडवेज डिपो।