फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: विद्या नगर कॉलोनी में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति के वास्ते रास्ता जाम

Thu, 20 Jul 2023 11:11 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। विद्या नगर कॉलोनी की होंडा एजेंसी के समीप वीरवार सुबह करीब नौ बजे दूषित पेयजल आपूर्ति के विरोध में लोगों ने भिवानी-महम मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर अपनी नाराजगी का इजहार किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर सड़क पर उतरने को विवश होना पड़ा है। मुख्य लाइन की टी से छोटी लाइन में लीकेज से 250 घरों के अंदर गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। महिलाओं ने हाथ में गंदे पानी की बोतल दिखाकर आरोप लगाया कि तीन माह से विभागीय कर्मचारियों को समस्या बता रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
विज्ञापन

विद्या नगर कॉलोनी के द्वारा जाम लगाने की सूचना मिलते ही मौके पर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ सूरज प्रकाश जैन व सब्जी मंडी पुलिस चौकी की टीम पहुंची। महिलाओं ने भगत सिंह चौक से महम गेट बड़ चौक से महम रोड और गोशाला के सामने महम से भिवानी की तरफ आने वाले रास्ते तीन तरफ से बंद कर डाले। नाराज महिलाओं ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे एसडीओ के साथ भी कॉलोनी के लोगों की नोकझोंक हुई। पुलिस ने भी जाम खुलवाने के लिए प्रदर्शनकारियों से काफी मनुहार की। हालांकि बात नहीं बनी।
विद्या नगर कॉलोनी निवासी प्रीति, मोनिका, नीतू, बिमला, मुन्नी, ज्योति, संतोष, प्रमिला,मूर्ति, बाला ने बोतल में बंद गंदा पानी दिखाते हुए कहा कि तीन माह से खराब पानी सप्लाई में आ रहा है। इसे पीकर बच्चे भी बीमार हो गए हैं। महिलाओं ने बताया कि कॉलोनी में लाइन लीकेज है, जिसकी शिकायत भी काफी बार जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग अधिकारियों को दी गई, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। जाम स्थल पर पहुंचे जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ सूरज प्रकाश जैन को भी लोगों ने अपनी समस्या बताई। एसडीओ ने लोगों के साथ मौके पर जाकर लीकेज लाइन की हालत देखी और ठेकेदार को बुलाकर शुक्रवार से काम शुरू कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब दो घंटे तक जाम पर डटे लोगों व महिलाओं ने जाम खोल दिया। जाम की वजह से भिवानी से महम मार्ग पर वाहनों की भी लंबी कतार लग गई और बड़ चौक पर ट्रैफिक पुलिस को भी मोर्चा संभालना पड़ा।
विज्ञापन

लोगों की बिगड़ रही सेहत
स्थानीय लोगों ने एसडीओ को दिखाया कि भिवानी-महम मुख्य मार्ग पर पुराने जलघर से होंडा एजेंसी के पास पानी की मुख्य लाइन की टी लगी है। इसी टी से एक छोटी लाइन गली के अंदर पहुंच रही है। टी के पास ही पानी की लाइन लीक है, जबकि उसी के पास सीवर मैनहोल भी बना है। बारिश के दौरान सीवर का गंदा पानी पेयजल लाइन लीकेज की वजह से सप्लाई के साथ घरों में पहुंच रहा है। इसे पीने से लोगों की भी सेहत बिगड़ रही है। एसडीओ सूरज प्रकाश ने ठेकेदार को बुलाकर शुक्रवार से लाइन की खोदाई कराकर टी के समीप बनी लीकेज को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, जरूरत पड़ने पर टी को भी बदलने के आदेश दिए हैं।
शहर की कई कॉलोनियों में लीकेज बनी गंदे पानी की आपूर्ति की वजह
शहर की कई कॉलोनियों के अंदर पाइप लाइनों में लीकेज हैं, जिसकी वजह से लोगों के घरों तक भी गंदा पानी पहुंच रहा है। ये पानी पीने लायक भी नहीं है, क्योंकि इसका रंग काला या फिर मटमैला होता है, जिसे हाथ में लेने भर से बदबू नहीं जाती है। कॉलोनियों में स्वास्थ्य विभाग ने भी पानी के सैंपल जांचे हैं, जो फेल आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने भी उपायुक्त के माध्यम से जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को पेयजल व्यवस्था सुधार के प्रति सचेत किया है।
मैंने लोगों द्वारा सड़क पर जाम लगाने के बाद मौके पर पहुंचकर लीकेज का जायजा लिया है। शुक्रवार को ठेकेदार को यहां काम पर लगा दिया जाएगा। लीकेज को दुरुस्त कराकर गंदे पानी की समस्या का समाधान कराएंगे। लोगों ने आश्वासन के बाद सड़क से जाम खोल दिया था।
विज्ञापन

- सूरज प्रकाश जैन, एसडीओ, शहरी पेयजल एवं सीवरेज शाखा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग भिवानी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें