रोड सेफ्टी को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को संबोधित करते उपायुक्त नरेश नरवाल। विज?
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। उपायुक्त नरेश नरवाल की अध्यक्षता में बुधवार को लघु सचिवालय परिसर स्थित डीआरडीए सभागार में रोड सेफ्टी की समीक्षा बैठक का आयोजन किया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए यातायात पुलिस आवश्यक कदम उठाए।
उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी राम अवतार शर्मा को निर्देश दिए कि सभी स्कूलों को सख्त गाइडलाइन जारी करके ऑटो रिक्शा में बच्चों को लाने व ले जाने बारे प्रतिबंध लगाए। उपायुक्त ने बैठक में जिला के दुर्घटना संभावित क्षेत्र व ब्लैक स्पॉट प्वांइट की भी समीक्षा की।
उन्होंने जिला नगर आयुक्त एवं अतिरिक्त उपायुक्त राहुल नरवाल को शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए किरोड़ीमल पार्क के पास, महम चौक से महम रोड के दोनों तरफ शिव मंदिर के पास, रोहतक मार्ग पर सब्जीमंडी के सामने पार्किंग की व्यवस्था बारे कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए।
सचिव आरटीए अंग्रेज सिंह ने बताया कि जिला में पिछले साल के मुकाबले रोड दुर्घटना में मरने वालों में 22 प्रतिशत तक की कमी आई है। अक्तूबर 2021 में रोड दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हुई थी, जबकि अक्तूबर 2022 में यह संख्या घटकर छह हुई है। इस अवसर पर एसडीएम भिवानी संदीप अग्रवाल, एसडीएम लोहारू जगदीश चंद्र, एसडीएम तोशाम मनीष फौगाट, एसडीएम सिवानी सुरेश दलाल उपस्थित रहे।