भिवानी। शहर में फिर से सिटी बस सेवा बहाली का मामला रोडवेज बेड़े में नई बसों पर टिका है। डिपो को नई बस मिलने के बाद शहर में सिटी बस सेवा भी बहाल हो जाएगी। दरअसल भिवानी डिपो को 30 नई बसों का कोटा अलाट किया हुआ है। लेकिन अब तक डिपो में सिर्फ नौ नई बस दी गई हैं, जबकि नौ बीएस-6 नई बस जल्द मिलने की उम्मीद है। नई बस मिलते ही शहर में सिटी बस सेवा के लिए दो बस शहर की सड़कों पर फेरे लगाना शुरू कर देंगी। ये बसें बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन और शिक्षा बोर्ड तक चलाई जाएंगी।
भिवानी डिपो के पास 143 रोडवेज बस हैं। इनमें से अधिकांश बस तो लंबी दूरी के रूटों पर चल रही हैं, जबकि लोकल रूटों पर भी 35 से 40 बस चलाई जा रही हैं। भिवानी डिपो में बसों का नॉरम 175 बसों का है, लेकिन नॉरम के अनुसार शायद ही कभी बस भिवानी डिपो में रही हैं। नई बसों के आने के साथ ही रोडवेज में पुरानी बस कंडम होकर खड़ी हो जाती है। जिसकी वजह से हर बार वही ढाक के तीन पात वाली स्थिति बनी रह जाती है। अगर एचआरडीसी गुरुग्राम की सेंट्रल वर्कशॉप से अलाट हुई डिपो की 21 बसें और जल्द मिल जाएं तो फिर सिटी बस के साथ साथ लोकल रूटों पर भी बसों की स्थिति सुधर सकती है। हालांकि इनमें से अगर नौ बस भी डिपो को जल्द मिलती हैं तो फिर सिटी बस सेवा को रोडवेज प्रशासन प्राथमिकता के आधार पर शहर में शुरू करेगा। जिसकी तैयारियां भी की जा रही हैं।
धुंध के मौसम में रोडवेज बसों को किया तैयार, इंडिकेटर और रिफ्लेक्टर भी लगाए
नवंबर में बारिश के बाद धुंध का आगाज हो चुका है। ऐसे में रोडवेज प्रशासन ने भी विभिन्न रूटों पर दौड़ने वाली बसों में आगे-पीछे इंडिकेटर के साथ रिफ्लेक्टर लगाए हैं, ताकि धुंध की वजह से बसों के साथ किसी तरह का कोई हादसा न हो। रोडवेज प्रशासन ने कर्मशाला में तैनात कर्मचारियों को भी अलर्ट किया है। जिसके चलते कोई भी बस बिना फिटनेस जांच के रूट पर नहीं चलाई जाएगी।
भिवानी डिपो को 30 नई बसों का कोटा अलाट है, लेकिन अभी तक डिपो को सिर्फ नौ नई बस दी गई हैं। अगर जल्द ही नई बस मिलती हैं तो सिटी बस सेवा को बहाल किया जाएगा। सिटी बस सेवा के लिए दो पुरानी बसों को शहर में चलाया जाएगा। जिनका प्रारंभिक रूट बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन व शिक्षा बोर्ड का रहेगा।
-डॉ. नेत्रपाल खत्री, डिपो महाप्रबंधक, भिवानी डिपो
हरियाणा राज्य परिवहन विभाग।