ढिगावा मंडी में बारिश के दौरान भीगी खुले में पड़ी सरसों।
भिवानी। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से वीरवार शाम को एक बार फिर मौसम बिगड़ा। तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। भिवानी, लोहारू, ढिगावामंडी, तोशाम, कैरू और चांग क्षेत्र में बारिश हुई। ढिगावा मंडी और तोशाम में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। वहीं तेज हवा के साथ ग्रामीण क्षेत्र में पेड़ भी टूटकर गिए गए। बिजली लाइनों को भी नुकसान हुआ और आपूर्ति भी ठप हो गई।
भिवानी शहर और ग्रामीण क्षेत्र में शाम पांच बजे के बाद बारिश हुई। कृषि अधिकारियों के अनुसार औसतन पांच एमएम बारिश दर्ज की गई। जबकि कुछ इलाकों में बारिश के साथ हल्की ओलावृष्टि भी हुई। इस दौरान पारा लुढ़क गया और बारिश के बाद ठंडी हवाएं चलीं। तेज हवा के कारण ग्रामीण क्षेत्र में पेड़ और बिजली पोल टूटने की सूचनाएं भी मिलीं। इसकी वजह से ग्रामीण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। वीरवार देर रात तक आपूर्ति कई गांवों में बहाल नहीं हो पाई थी।
मंडी में जांच के लिए पहुंचे डीएमईओ, बारिश में भीगी सरसों
ढिगावा मंडी। वीरवार को हुई बारिश में ढिगावा मंडी की अनाज मंडी में खुले में पड़ी सरसों भीग गई थी। वीरवार शाम को फिर से बारिश हो गई। इसके बाद सरसों के खुले में रखे बैग और ढेरी भी भीग गई। मौके पर कृषि विपणन बोर्ड के डीएमईओ श्यामसुंदर भी ढिगावा मंडी शिकायत की जांच के लिए पहुंचे। ढिगावा अनाज मंडी में सरसों की खरीद हैंडलिंग एजेंट व आढ़तियों द्वारा की गई है। करीब 15 दिन पहले एक अधिकारी मंडी में जांच करने पहुंचे थे। दो दिन मंडी में रहने के बाद भी उनकी जांच पुरी नहीं हो पाई थी। इसके बाद वापस लौट गए थे। मार्केट कमेटी के नियम के मुताबिक मंडियों में कैरेट त्रिपाल की व्यवस्था होनी चाहिए लेकिन वह भी न के बराबर है, जिसके चलते सरसों व गेहूं खुले में भीगा है। स्थानीय अधिकारी करीब 15 दिन के बाद ढिगावा अनाज मंडी में पहुंचे हैं, जिससे लीपापोती कहीं न कहीं साफ साफ नजर आ रही है।