भिवानी। अब डेढ़ माह बाद भिवानी-महम मुख्य मार्ग पर बन रहे रेलवे ओवरब्रिज को चालू कर दिया जाएगा। इसके लिए अब तेजी से काम चल रहा है। करीब 24 करोड़ की लागत से बनने वाले इस रेलवे ओवरब्रिज पर अब एक तरफ की अप्रोच तैयार करना बाकी है। हालांकि विभाग रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के छोटे-मोटे कार्याें को भी इसी के साथ पूरा कराने में जुटा है।
सबकुछ ठीक रहा तो जुलाई के अंत तक ये पुल बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद इस पर ट्रैफिक भी चालू कर दिया जाएगा। रेलवे ओवरब्रिज पर क्रॉसिंग होने वाली बिजली की हाई टेंशन लाइनों को भी निगम ने शिफ्ट कर दिया है। इतना ही नहीं भिवानी-महम मुख्य मार्ग पर तारकोल की लेयर से तैयार होने वाले काम को भी बारिश से पहले पूरा कर लिया जाएगा। इस पर भी करीब 24 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण का काम चल रहा है।
पीडब्ल्यूडी विभाग की एजेंसी ने 2020 में भिवानी-महम मुख्य मार्ग पर गांव कालुवास के समीप रेलवे ओवरब्रिज निर्माण का काम शुरू किया था। बीच में कोविड की वजह से काम बंद रहा और फिर एक साल की कार्य पूरा करने की एक्सटेंशन भी कंपनी को दी गई। बावजूद इसके बीच में ही रेलवे ओवरब्रिज का डिजाइन बदल गया। नए डिजाइन के साथ रेलवे ओवरब्रिज को तैयार करने में पांच करोड़ का अतिरिक्त बजट और मांगा गया।
इसके बाद 2024 में रेलवे ओवरब्रिज के बचे हुए कार्य को दूसरी एजेंसी को काम अलॉट कर शुरू कराया गया। इसके बाद अब इस पुल का काम अंतिम चरण में है। अधिकारियों की मानें तो गांव कालुवास की तरफ के पुल की अप्रोच और रिटेनिंग वाल तैयार हो चुकी हैं। जबकि हवाई पट्टी की तरफ की अप्रोच को अभी तैयार किया जा रहा है। इसकी बची हुई रिटेनिंग वाल भी जल्द तैयार कराई जाएगी।
हवाई पट्टी की तरफ बिजली निगम के हाईटेंशन तार भी पुल निर्माण में बाधक बन रहे थे, जिन्हें हटाने का काम भी निगम ने कर दिया है। अब पुल का काम तेजी से चल रहा है। इसके पूरा होने पर करीब डेढ़ लाख आबादी को इसका फायदा मिलेगा। वहीं भिवानी से महम तक का सफर भी मात्र आधा घंटा में पूरा होगा।
भिवानी-महम मार्ग भी बारिश से पहले होगा तैयार
भिवानी-महम मुख्य मार्ग पर करीब 17 किलोमीटर लंबाई तक सड़क को भी नए सिरे से तैयार कराया जा रहा है। इसमें पीडब्ल्यूडी ने दो अलग-अलग एजेंसियों को काम अलॉट किया है। एक एजेंसी तारकोल की पुरानी सड़क को उखाड़कर उसकी जगह नई सड़क तैयार करेगी। ये काम मानसून से पहले पूरा होने की उम्मीद है। क्योंकि बारिश से पहले तारकोल की सड़क तैयार होगी तो उसके टूटने का खतरा उतना ही कम होगा। वहीं दूसरी एजेंसी आरसीसी पैटर्न पर सड़क बनाएंगी। ये एजेंसी भिवानी के महम चौक से गोशाला तक और गांव चांग में करीब एक से सवा किलोमीटर लंबाई तक आरसीसी सड़क तैयार करेगी।
भिवानी-महम मुख्य मार्ग पर कालुवास स्थित रेलवे ओवरब्रिज निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। पुल करीब 95 फीसदी बन चुका है। इसमें सिर्फ एक तरफ की अप्रोच तैयार करने का काम बचा है। जुलाई के अंत तक इस काम को पूरा कराकर इसे चालू करा दिया जाएगा। भिवानी-महम मार्ग पर तारकोल की सड़क निर्माण का काम भी मानसून से पहले पूरा होगा।
- सुनील कुमार राठी, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी भिवानी।