भिवानी। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) देने के बाद परीक्षार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। परीक्षार्थियों ने बताया कि अधिकतर सवाल आउट ऑफ सिलेबस के थे। इनका जवाब देना कठिन था।
शहर के केएम परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देकर बाहर लौटे कई परीक्षार्थियों ने बताया कि उनका पेपर ठीक हुआ है लेकिन अधिकतर सवाल बाहर से थे। इसकी वजह से काफी दिक्कतें हुईं हैं।
-
मेरा पेपर अच्छा हुआ। मैंने जो तैयारी की थी, उसमें से ही सारा पेपर आया था। अब परीक्षा परिणाम का इंतजार रहेगा। परीक्षा केंद्र पर सारी सुविधा थी। बॉयोमैट्रिक जांच और स्क्रीनिंग के लिए मुझे काफी देर लाइन में खड़ा रहना पड़ा। -
प्रदीप शास्त्री, भिवानी
जो तैयारी की थी उसके हिसाब से पेपर में प्रश्न नहीं पूछे गए थे। सिलेबस के अनुसार पेपर नहीं दिया गया। कई सवाल तो ऐसे थे जो परीक्षा से संबंधित ही नहीं थे। परीक्षा केंद्र में समय से पहुंच गए लेकिन जांच में ही करीब पौन घंटा लग गया।
-वीरेंद्र, परीक्षार्थी भिवानी
बोर्ड की साइट पर दिए गए सिलेबस के उलट पेपर आया था। जो तैयारी की गई थी, उसमें से प्रश्न नहीं पूछे गए थे। परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में दिक्कत हुई। फिर स्क्रीनिंग और बायोमैट्रिक जांच में देरी की वजह से डेढ़ घंटे लाइन में लगी रही।
-पिंकी, भिवानी
परीक्षा केंद्र पर पहुंचे तो यहां गर्म कपड़े तक उतरवा दिए गए। अंदर परीक्षा तो समय पर शुरू हुई लेकिन जांच के लिए कई बार डिस्टर्ब भी किया गया। बोर्ड की वेबसाइट वाले सिलेबस से जुड़े काफी कम सवाल ही परीक्षा में पूछे गए हैं।
-किरण परीक्षार्थी, भिवानी
पेपर में प्रश्न बहुत ही कठिन थे। मैंने बोर्ड के सिलेबस के हिसाब से तैयारी की थी लेकिन अबकी बार पेपर अच्छा नहीं हुआ। मैंने पिछली बार भी एचटेट दिया था। इस बार उम्मीद थी कि निकल जाऊंगी, मगर प्रश्नों और सिलेबस के बीच उलझन बनी रही।
-सुदेश परीक्षार्थी
मैंने पूरी मेहनत से तैयारी की थी। जब पेपर देखा तो मेरी सारी मेहनत बेकार हो गई। अबकी बार सिलेबस से बाहर के कई सवाल पूछे गए। बोर्ड ने अपनी वेबसाइट पर जो सिलेबस दिया था, उसके हिसाब से कई प्रश्न नहीं पूछे गए थे।
-सरस्वती परीक्षार्थी, भिवानी।