भिवानी में वित्त मंत्री के आवास पर प्रदर्शन कर नारेबाजी करते सफाई कर्मचारी संघ और सीटू से जुड़
भिवानी। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन और ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ हरियाणा बीएमएस संयुक्त मोर्चे ने अपनी मांगों को पूरा करवाने के लिए लघु सचिवालय पर एकत्रित होकर शहर में नारेबाजी की। इसके बाद सफाई कर्मचारियों ने वित्त मंत्री जयप्रकाश दलाल के आवास पर प्रदर्शन करके अपनी मांगों का ज्ञापन दिया। प्रदर्शन की अध्यक्षता मोहनलाल और अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से की।
यूनियन नेता राममेहर सिंह और सुखबीर सिंह ने कहा कि दो जुलाई को मुख्यमंत्री की ओर से ग्रामीण सफाई कर्मियों के लिए की गई 1000 रुपये मानदेय मामूली सी बढ़ोतरी को नाकाफी करार देते हुए इसे सफाई कर्मियों के साथ धोखा बताया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार सफाई कर्मियों के साथ दुश्मनों जैसा व्यवहार कर रही है। ग्रामीण सफाई कर्मचारी पिछले 17 साल से कच्ची नौकरी की मार झेल रहे हैं। सफाई कर्मियों को इस विधानसभा चुनाव से पहले पक्का होने की उम्मीद थी लेकिन नहीं हुआ। इसलिए अब 11 अगस्त को राज्यभर के सफाई कर्मी अपनी मांगों को पूरा करवाने के लिए सीएम सिटी करनाल में हल्ला बोल रैली करेंगे। प्रदर्शन में राज्य उपाध्यक्ष सुखबीर सिंह, जिला महामंत्री जयबीर सिंह, जिला प्रधान अनिल कुमार, राममेहर सिंह, अनिल कुमार, जिला संयोजक सुखदेव सिंह समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।