भिवानी। गांव चांग की पंचायत ने एसई से मिलकर सैय की बिजली चांग से जोड़ने पर विरोध जताया है। चांग के ग्रामीणों ने कहा कि किसी भी कीमत पर सैय की लाइट चांग से नहीं जोड़ने दी जाएगी। वहीं एसई बिजेंद्र सिंह ने ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए कहा कि चांग की बिजली सप्लाई में कोई भी कटौती नहीं की जाएगी। अफवाहों पर ध्यान न देते हुए बिजली कर्मचारियों को सैय की बिजली सप्लाई चांग से जोड़ने दें।
एसई से मिलने पहुंचे सरपंच चांग प्रतिनिधि बृजलाल व पंचायत सदस्यों ने बताया कि गांव चांग से बिजली घर बनाने के लिए जमीन दी हुई है, उसके बाद भी गांव में नियमित बिजली सप्लाई नहीं की जा रही है। ज्यादा लोड होने की वजह से हर दिन बिजली की केबल जल रही है, और ऊपर से बिजली विभाग सैय की सप्लाई चांग से जोड़ रहा है, जिसके कारण बिजली घर पर ज्यादा लोड बढ़ेगा और गांव की बिजली बाधित होगी। इसलिए सैय की बिजली लाइन चांग से जोड़ने का विरोध किया जा रहा है। हमारी बिजली विभाग से मांग है कि वे नई केबल सैय गांव के लिए लगाए, ताकि चांग व सैय को समय पर बिजली मिल सके।
पंच मंजीत ग्रेवाल, अमीत, पवन लागयाण, दलबीर रंगा ने बताया कि गांव की करीब 20 हजार की आबादी होने के कारण ज्यादा लोड है। इसलिए आए दिन केबल जल जाती है। केबल जलने के कारण गांव के ग्रामीणों को कई घंटों तक बिजली का इंतजार करना पड़ता है। अगर सैय की बिजली चांग की केबल से जोड़ दी जाएगी तो ज्यादा फाल्ट होने का अंदेशा हमेशा रहेगा। पंचायत ने बिजली विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर हमारी मांग नही मानी गई तो मजबूरी में आंदोलन किया जाएगा। एसई से मिलने वालों में पंच मुकेष, राम, सोनू, मंजीत, गोबिंद, लीलाराम, लक्ष्मण, श्रवण, कृष्णा देवी, नितेष, सत्यवान दिनेष, गौरव, अमित, मोनू मौजूद थे।