फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: अमृत योजना दूसरे चरण की तैयारी, पहले चरण का काम पड़ा है अधूरा

विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। नगर परिषद की हद की बाहरी अधिकृत कॉलोनियों में सीवरेज और पेयजल जरूरतों को पूरा कराने के लिए अमृत (अटल नवीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन) योजना प्रथम चरण में करीब सौ करोड़ के बजट से काम अभी भी अधूरा पड़ा है। जबकि जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी अमृत द्वितीय चरण की तैयारियों में जुटे हैं। हालत यह है कि बाहरी कॉलोनियों की कई गलियों में न सीवरलाइन डली है न पीने की पाइपलाइन का प्रबंध हो पाया है। हालांकि बैंक कॉलोनी की सीवरेज पानी की निकासी का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनकर तैयार हो चुका है।
विज्ञापन

भिवानी शहर में बैंक कॉलोनी त्रिवेणी रोड के कुछ हिस्से को बैंक कॉलोनी एक्सटेंशन के नाम से अधिकृत दायरे में शामिल किया गया था। जिसके बाद अमृत प्रथम चरण के तहत कॉलोनी में सीवरेज और पेयजल लाइन डालने का काम शुरू कराया गया था। लेकिन कई सालों से यहां अब तक सीवर और पानी डालने का काम पूरा नहीं हुआ है। ये कॉलोनी वार्ड 11 और 12 की हद में भी आती है। इस कॉलोनी में तीसरे वार्ड का भी कुछ हिस्सा है। बड़ी कॉलोनी होने के कारण ही इसे दो बार अधिकृत कॉलोनी के दायरे में शामिल किया गया है। जबकि तीसरी बार भी कुछ हिस्से को अधिकृत कराने की तैयारी चल रही है। अमृत प्रथम चरण में नगर परिषद के तहत करीब सौ करोड़ का बजट खर्च किया गया था। जिसमें सीवरेज और पेयजल के लिए समुचित व्यवस्था बनाने के लिए नए पानी के टैंक, एसटीपी के भी निर्माण कराए गए हैं और बूस्टर भी बनाए गए हैं। मगर त्रिवेणी रोड की कुछ गलियों में अभी भी लेट तलीफी से ये काम चल रहा है।

अमृत द्वितीय चरण में होने हैं शहर में सीवरेज और पेयजल के काम
अमृत द्वितीय चरण में शहर के अंदर 40 साल से अधिक पुरानी पेयजल लाइनों को बदली किए जाने के साथ चार दशक पुरानी सीवरेज लाइनों को दुरुस्त किए जाने का काम भी शामिल किया गया है। इसके अलावा शहर में नए पानी के बूस्टर व बरसाती पानी निकासी के लिए भी एसटीपी निर्माण का काम शामिल है। द्वितीय चरण के कार्यों का सर्वेक्षण भी जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग मई में कराएगा। जिसके बाद बजट का खाका तैयार कर सरकार के समक्ष मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। द्वितीय चरण में अमृत का काम नगर परिषद के बजाय जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा कराया जाएगा।
विज्ञापन


जहां चला पीला पंजा, वहां बह रही अब विकास की गंगा
भिवानी लोहड़ के दायरे में आने वाले बैंक कॉलोनी त्रिवेणी रोड पर सात अप्रैल को जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम ने करीब चार एकड़ भूमि में काटी गई अवैध कॉलोनी पर पीला पंजा चला दिया था। जेसीबी ने यहां प्लाॅटों की नींव को भी उखाड़ फेंका था, मगर इसी जगह पर अब नई सीवरेज और पेयजल लाइन डालने के लिए जेसीबी से गहरी खुदाई का काम चल रहा है। अगर यहां सीवर और पेयजल लाइन डाली जा रही है तो फिर यहां पर प्लाॅट काटकर बेचने के बाद फिर से अवैध मकानों की बुनियाद टिकते भी देर नहीं लगेगी। हालांकि ये सब किसके संरक्षण में चल रहा है, यह भी बड़ी जांच का विषय है। क्योंकि बिना राजनीतिक संरक्षण के ये संभव नहीं है।

बैंक कॉलोनी में 18 किलोमीटर लंबी सीवर व पेयजल लाइनें डाली
रोहतक रोड की बैंक कॉलोनी में करीब 18 किलोमीटर लंबाई तक सीवर व पेयजल लाइनें डाली जा चुकी हैं। अधिकांश कॉलोनी में पहले ही सीवर व पेयजल लाइन भी हैं, मगर गंदे पानी की निकासी नहीं होने के कारण कॉलोनी के सीवर ठप रहते हैं। इसी समस्या से निजात दिलाने के लिए निनान जलघर में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया गया है। जिसे चालू किए जाने के बाद इस कॉलोनी में ठप सीवर से निजात मिल जाएगी। इसी में कॉलोनी के लिए नया बूस्टर भी बनाया जाएगा।

अमृत प्रथम के तहत वार्ड में सीवर और पेयजल लाइन डालने का काम चल रहा है। हालांकि ये कार्य काफी लेट है। लेकिन करीब एक माह में ये काम पूरा कर लिया जाएगा। अधिकांश मेरे वार्ड में ही पेयजल और सीवर लाइन डाली गई हैं। अब कुछ गलियों का ही काम बचता है, जिसे जल्द पूरा कराया जाएगा।
विज्ञापन

-कर्मबीर यादव, पार्षद वार्ड 11
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें