भिवानी। नाथूवास मोड़ के समीप वीरवार देर रात राजनेता जयहिंद कलिंगा (48) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस इसे सड़क हादसा मान रही है। वहीं परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। शुक्रवार को पुलिस ने शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। वहीं औद्योगिक थाना की पुलिस जयहिंद की मौत की गुत्थी सुलझाने में जुट गई है। शुक्रवार को औद्योगिक थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कार्रवाई करके परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में पुलिस ने मृतक के भाई रामेश्वर के बयान पर सड़क दुर्घटना में मौत से संबंधित धारा के तहत केस दर्ज कर लिया है और अपनी आगामी कार्रवाई में जुट गई है। वहीं, मृतक का भाई शमशेर ने बताया कि जयहिंद प्रतिदिन की तरह वीरवार सुबह घर से निकल गया था। लेकिन देर रात तक घर पर वापस नहीं लौटा। उन्हें फोन पर सूचना मिली कि जयहिंद नाथूवास मोड़ के समीप बेसुध की हालात में सड़क किनारे पड़ा है। वहां से उसको नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया। जब परिजन अस्पताल में पहुंचे तो चिकित्सकों ने जयहिंद को मृत घोषित कर दिया। इस मामले की सूचना औद्योगिक थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर औद्योगिक थाना पुलिस ने शव का शुक्रवार को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया। वहीं, परिजनों ने इस मामले में हत्या होने की आशंका जाहिर की। पुलिस ने प्रारंभिक जांच व मृतक के भाई के बयान पर संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और अपनी आगामी कार्रवाई में जुट गई है।
2014 में निर्दलीय और 2000 में विकास पार्टी से लड़े थे चुनाव
मृतक के भाई शमशेर सिंह व अन्य परिजनों ने बताया कि जयहिंद काफी लंबे समय से राजनीति से जुड़े थे। अभी वो किसी भी पार्टी में शामिल नहीं थे। हालांकि उनको भूपेंद्र सिंह हुड्डा का करीबी माना जाता था। 2000 में वे कलानौर से हरियाणा विकास पार्टी की तरफ से विधायक उम्मीदवार खड़े हुए थे। इसके बाद उन्होंने 2014 में कलानौर से ही निर्दलीय विधायक उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा। जयहिंद के तीन बच्चे हैं, दो लड़के और एक लड़की।
-
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। प्रारंभिक जांच में यह एक्सीडेंट का केस प्रतीत हो रहा है। जांच व मृतक के भाई के बयान पर संबंधित धाराओं के तहत औद्योगिक पुलिस थाना में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अपनी आगामी कार्रवाई में जुट गई है।
-एसआई, विरेंद्र सिंह, जांच अधिकारी औद्योगिक पुलिस थाना, भिवानी।