भिवानी। कोंट रोड डॉग फार्म के समीप एक मकान में दिवाली पर अवैध रूप से बिक्री के लिए लाई गई पटाखे की खेप पुलिस ने बरामद की। इस दौरान अवैध रूप से पटाखा बिक्री के लिए भंडारण करने पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पतराम गेट क्षेत्र निवासी संजय गर्ग ने कोंट रोड डॉग फार्म के पास एक मकान में काफी मात्रा में अवैध पटाखा बेचने के लिए लाकर रखे हुए हैं। इस सूचना के बाद औद्योगिक पुलिस थाना की एक टीम मौके पर पहुंची। जहां मौजूद व्यक्ति की पहचान संजय गर्ग के रूप में हुई। वहां तलाशी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में अवैध रूप से बिक्री के लिए लाए गए पटाखा की खेप बरामद हुई।
दमकल विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। घर के अंदर से गत्ते की पेटियों के अंदर फुलझड़ियां, अनार, चकरी, राकेट बरामद हुए। इसमें अवैध पटाखा की खेप को जब्त कर आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। त्योहारी सीजन के दौरान अवैध रूप से पटाखा बिक्री को लेकर भी इस तरह की खेप बाहर से लाई जा रही है, जिसको लेकर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।