भिवानी। सिटी पुलिस ने दूसरे की जगह परीक्षा देने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता अभिषेक यादव ने बताया कि केंद्र अधीक्षक की शिकायत पर सिटी पुलिस थाने में केस दर्ज हुआ। केंद्र अधीक्षक ने अपनी शिकायत में बताया कि हरियाणा ओपन स्कूल की परीक्षा सितंबर 2019 के अंग्रेजी विषय के पेपर में एक युवक ने परीक्षा के दौरान अपनी सीट पर एक अन्य युवक को परीक्षा देने के लिए बैठा दिया था। उड़नदस्ता जब केंद्र पर पहुंचा तो जांच के दौरान आरोपी युवक अपनी सीट छोड़कर सेंटर से भाग गया। इस पर सिटी पुलिस ने केंद्र अधीक्षक की शिकायत पर केस दर्ज किया था। सिटी पुलिस के अंतर्गत आने वाली बीटीएम चौकी के इंचार्ज रोहताश ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान नीरज व सोनू सिधनवा बहल के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नीरज का पेपर उसके चाचा का लड़का सोनू दे रहा था। जांच टीम के आने पर सोनू वहां से अपने भाई नीरज के साथ सेंटर से भाग गया था। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश हुए हैं। संवाद