भिवानी। शहर के डंपिंग प्वाइंटों पर वीरवार दोपहर तक कूड़े का उठान नहीं हो पाया। इसकी वजह यह रही कि ठोस कचरा निस्तारण कंपनी के करीब 145 कर्मचारियों के साथ मिलकर साध संगत ने शहर के ऐसे हिस्सों में कूड़ा एकत्रित किया, जहां कई सालों से सफाई नहीं कराई गई थी। वहीं नव नियुक्त जिला नगर आयुक्त डाॅ. जयेंद्र सिंह ने शहरी स्थानीय निकाय के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे भिवानी शहर के साथ-साथ नगर पालिका बवानीखेड़ा, सिवानी व लोहारू कस्बे में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करें। शहरी क्षेत्र में गंदगी नजर नहीं आनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि डाॅ. जयेंद्र सिंह दादरी जिला के अतिरिक्त उपायुक्त एवं डीएमसी हैं। सरकार की ओर से उनको दादरी के साथ-साथ एडीसी अनुपमा अंजलि की जगह पर भिवानी जिला नगर आयुक्त का कार्यभार सौंपा है। भिवानी में डीएमसी का कार्यभार संभालने के साथ उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चाक चौबंद होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का सबसे मुख्य कार्य सफाई का है। ऐसे में अधिकारी सुनिश्चित करें कि शहर में किसी भी स्थान पर सफाई को लेकर कोई समस्या न हो। कूड़ा डालने के लिए निर्धारित सभी स्थानों से प्रतिदिन कूड़ा उठाया जाए। उन्होंने कहा कि सफाई के कार्य के लिए कर्मचारियों को उचित मात्रा एवं संख्या में उपकरण व जरूरी चीजें उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।
ये संभालेंगे सफाई की जिम्मेदारी
शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को लेकर शहरी स्थानीय निकाय के अधिकारियों के साथ-साथ सफाई दरोगा की जिम्मेदारी लगाई जा चुकी है। वार्ड नंबर एक से तीन में कार्यकारी अधिकारी अभय सिंह यादव और सफाई दरोगा पुरुषोत्तम व इंद्राज, वार्ड चार से सात में कार्यकारी अभियंता जसवंत सिंह और सफाई दरोगा भीम व राजेंद्र, वार्ड नंबर पांच से 11 में परिषद अभियंता सुरेंद्र सांगवान और सफाई दरोगा विनोद की ड्यूटी लगाई जा चुकी है। वार्ड 12 से 15 में पालिका अभियंता रविंद्र दहिया और सफाई अभियंता जय हिंद, वार्ड 16 से 19 में कनिष्ठ अभियंता संदीप कुमार व सफाई दरोगा कुलबीर, वार्ड 20 से 23 में कनिष्ठ अभियंता आबीद हुसैन और सफाई दरोगा मोहन की ड्यूटी लगाई जा चुकी है। वार्ड 24 से 27 में कनिष्ठ अभियंता सुनील कुमार सांगवान और सफाई दरोगा सुनील कुमार तथा वार्ड 28 से 31 में सफाई निरीक्षक विकास देसवाल और सफाई दरोगा विजय कुमार की ड्यूटी लगाई जा चुकी है।
कंपनी के कर्मचारियों के साथ धार्मिक संस्था के स्वयंसेवकों ने की सफाई
वीरवार को धन-धन सतगुरु आश्रम की तरफ से लगभग 150 स्वयंसेवकों ने नगर परिषद के 145 सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर श्रमदान किया और स्वच्छता अभियान चलाया। शहर के बड़ चौक, दादरी रोड के एमआरएफ सेंटर से लेकर देवीलाल चौक तक सफाई कराई गई। वहीं ऑटो मार्केट से लोहारू रेलवे ओवरब्रिज क्षेत्र में भी झाड़ू के साथ साफ सफाई कराई गई। दोपहर तक कंपनी के कर्मचारियों ने धार्मिक संस्था के साथ मिल श्रमदान किया और दोपहर बाद शहर के डंपिंग प्वाइंटों से संसाधनों के साथ कूड़े का उठान कराया।