बच्चें के स्वास्थ्य की जांच करती चिकित्सक।
भिवानी। बाल रोग विशेषज्ञ के दो माह की छुट्टी पर जाने के बाद जिला नागरिक अस्पताल के नीकू वार्ड में गंभीर बाल रोगियों के दाखिल करने पर भी संशय बना हुआ है। अस्पताल में आने वाले गंभीर बाल रोगियों को रोहतक पीजीआई रेफर किया जा रहा है। बर्फीली हवाओं की वजह से तापमान में ज्यादा गिरावट दर्ज की जा रही हैं। इस मौसम में सामान्य लोग भी नागरिक अस्पताल की ओपीडी में चेकअप के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं हृदय रोगियों के लिए भी विशेष एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है।
जिला सामान्य अस्पताल की ओपीडी में रोजाना औसतन 1200 मरीज पहुंच रहे हैं। जिला नागरिक अस्पताल में बाल रोग की ओपीडी में भी निमोनिया के 30 से 35 मामले सामने आ रहे हैं। इसी के साथ बच्चों में निमोनिया के साथ कफ कोल्ड के मामले भी बढ़ गए हैं। वहीं बच्चों में सामान्य बुखार से लकर उल्टी दस्त के मामले भी आ रहे हैं। वहीं नीकू वार्ड की इंचार्ज डॉ. रिटा सिसोदिया दो माह की लंबी छुट्टी पर चली गई हैं। इसके बाद नीकू वार्ड में जन्म से पांच साल के नीचे के बच्चों को यहां दाखिल तो किया जा रहा है, लेकिन गंभीर बाल रोग नीकू वार्ड में दाखिल करने के बजाय उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर किया जा रहा है।
नीकू वार्ड की मेडिकल आफिसर डॉ. आदिति का कहना है कि नीकू वार्ड में फिलहाल ज्यादा बाल रोगी नहीं हैं। उनका कहना है कि आठ से दस कनफेड के मरीज भी आते हैं। सर्दी के मौसम में नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल की जरूरत होती है। भिवानी के नीकू वार्ड में गंभीर बाल रोगियों के लिए सभी तरह की मशीनें उपलब्ध हैं, लेकिन इन दिनों नीकू वार्ड की इंचार्ज के छुट्टी जाने के बाद यहां गंभीर बाल रोगी दाखिल नहीं किए जा रहे हैं। जबकि सर्दी ज्यादा होने पर नवजात शिशु यहां आते हैं, जिन्हें पीजीआई भेजा जा रहा है।
सर्दी और वायरस से रखें अपना बचाव
सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर शांडिल्य ने कहा कि सर्दी के मौसम में लोग वायरल और मौसम से अपना खुद का बचाव रखें। इसके अलावा जिन मरीजों को पुरानी बीमारी है या फिर उन्हें हृदय संबंधी रोग हैं, तो वे नियमित रूप से अपना चेकअप कराते रहे और खान-पान में भी विशेष बदलाव लाएं। ये मौसम बच्चों और बुजुर्गाें के लिए भी दिक्कतों भरा रहता है। ऐसे में विशेष सावधानी रखते हुए चिकित्सक से परामर्श लें।
नागरिक अस्पताल के नीकू वार्ड में पर्याप्त बाल रोग विशेषज्ञ हैं। डाॅ. रिटा सिसोदिया छुट्टी पर गई हैं। बाल रोगियों को नीकू वार्ड में उपचार मिल रहा है। ज्यादा गंभीर मरीजों को रोहतक पीजीआई रेफर किया जा रहा है। ठंड के मौसम में बच्चों में निमोनिया व कोल्ड कप के केस भी बढ़ जाते हैं। इनकी ओपीडी में भी नियमित रूप से जांच की जा रही है।
- डॉ. एडमिन प्रधान चिकित्सा अधिकारी जिला नागरिक अस्पताल भिवानी।