भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं की परीक्षा में इस बार पंचकूला ने पूरे प्रदेश में टॉप किया तो वहीं नूंह जिला सबसे फिसड्डी रहा। दसवीं की नियमित का 95.22 फीसदी तो स्वयंपाठी का 88.73 फीसदी परीक्षा परिणाम रहा। बोर्ड का ये परीक्षा परिणाम बोर्ड की वेबसाइट www.bseh.org.in पर रविवार दोपहर बाद अपलोड हो गया।
सेकेंडरी (शैक्षिक) नियमित परीक्षा में 2,86,714 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए थे, जिनमें से 2,73,015 उत्तीर्ण हुए और 3,652 परीक्षार्थियों का परिणाम (ईआर) एसेंशियल रिपीट रहा अर्थात ऐसे परीक्षार्थियों को परीक्षा में फिर से बैठने की आवश्यकता होगी। इस परीक्षा में 1,37,167 प्रविष्ट छात्राओं में से 1,32,119 पास हुई, इनकी पास प्रतिशतता 96.32 रही, जबकि 1,49,547 छात्रों में से 1,40,896 पास हुए, इनकी पास प्रतिशतता 94.22 रही। इस प्रकार छात्राओं ने छात्रों से 2.10 फीसदी ज्यादा पास प्रतिशतता दर्ज कर बढ़त बनाए रखी।
परीक्षा में राजकीय विद्यालयों की पास प्रतिशतता 93.19 रही और प्राइवेट विद्यालयों की पास प्रतिशतता 97.80 रही है। परीक्षा में ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की पास प्रतिशतता 95.24 रही है, जबकि शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों की पास प्रतिशतता 95.18 रही है। सेकेंडरी परीक्षा के स्वयंपाठी परीक्षार्थियों का परिणाम 88.73 प्रतिशत रहा है। इस परीक्षा में 12,607 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें से 11,186 पास हुए। स्वयंपाठी परीक्षार्थी अपना अनुक्रमांक अथवा नाम, पिता का नाम, माता का नाम व जन्मतिथि भरते हुए परीक्षा परिणाम देख सकते हैं। विद्यालयी परीक्षार्थी भी अपना परिणाम अनुक्रमांक व जन्म तिथि भरते हुए देख सकते हैं।
री-अपीयर व मर्सी चांस का 23.61 फीसदी रहा परिणाम
शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव ने बताया कि प्रदेशभर में संचालित कराई गई सेकेंडरी मुक्त विद्यालय वार्षिक परीक्षा-2024 (फ्रेश, री-अपीयर, अंक सुधार, अतिरिक्त विषय एवं मर्सी चांस) विषय परीक्षा का परिणाम जारी किया है। उन्होंने बताया कि सेकेंडरी मुक्त विद्यालय (फ्रेश) की परीक्षा में 9,014 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 2,128 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए, जिनकी पास प्रतिशतता 23.61 रही। परीक्षा में 5,620 छात्र बैठे थे, जिनमें से 1,257 पास हुए। इनकी पास प्रतिशतता 22.37 रही है, जबकि 3,393 शामिल छात्राओं में से 871 पास हुई, इनकी पास प्रतिशतता 25.67 रही है। सेकेंडरी मुक्त विद्यालय (री-अपीयर) का परिणाम 72.50 फीसदी रहा। इस परीक्षा में 10,925 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए थे, जिनमें से 7,921 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए।
दसवीं का परीक्षा परिणाम बोर्ड ने परीक्षा के 39 दिन में जारी किया है। बोर्ड ने फेल शब्द को हटा दिया है, जिसकी जगह नॉट क्वालिफाई का प्रयोग किया है। री-अपीयर रहने वाले विद्यार्थियों को प्रदर्शन में सुधार के लिए पात्र (इलीजिबल फॉर इम्प्रूवमेंट ऑफ परफार्मेंस) का इस्तेमाल किया है। दो विषयों में फेल परीक्षार्थी को एसेंशियल रिपीट दर्शाया है, ये जून-जुलाई में फिर से परीक्षा देंगे। उत्तरपुस्तिकाओं की पुन: जांच अथवा पुनर्मूल्यांकन के लिए निर्धारित शुल्क सहित 20 दिन के अंदर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। जून-जुलाई की परीक्षा के लिए करीब 20 दिन बाद नया शेड्यूल जारी होगा। -डॉ. वीपी यादव, अध्यक्ष, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी।
तुलनात्मक परीक्षा परिणाम
वर्ष - शैक्षणिक- स्वयंपाठी
2024- 95.22 88.73
2023- 65.43- 52.13
2022- 73.18- 92.16
2021- 100- 100
2020- 64.59- 62.38
2019- 57.39- 69.80
2018- 51.15- 66.72
2017- 50.49- 35.48
2016- 48.88- 46.40
ये रही दसवीं की नियमित परीक्षा में पास परीक्षार्थियों की स्थिति
जिला- प्रविष्ट विद्यार्थी क्वालिफाई पास प्रतिशत
अंबाला- 9812 9389 95.69
भिवानी- 15903 15005 94.35
फरीदाबाद- 21571 20142 93.38
फतेहाबाद- 11200 10871 97.06
गुरुग्राम- 15166 14541 95.88
हिसार- 21639 20890 96.54
झज्जर- 9724 9438 97.06
जींद- 16430 15984 97.29
करनाल- 15321 14820 96.73
कैथल- 13750 13306 96.77
कुरुक्षेत्र- 9456- 9099 96.22
महेंद्रगढ़- 8409 8201 97.53
पंचकूला- 4376 4304 98.35
पानीपत- 14715 14309 97.24
रेवाड़ी- 8637 8430 97.60
रोहतक- 10742 10325 96.12
सिरसा- 13706 13164 96.05
सोनीपत- 17095 16176 94.62
यमुनानगर- 11553 11078 95.89
नूंह- 14499 11868 81.85
पलवल- 16380 15214 92.88
चरखी दादरी- 6630 6461 97.45
ये रहा विषय वार परिणाम
विषय- प्रविष्ट विद्यार्थी क्वालिफाई पास प्रतिशत
हिंदी- 286714 277913 96.93
अंग्रेजी- 286814 277591 96.82
गणित स्टेंडर्ड- 146539 144246 98.44
गणित बेसिक- 140175 135996 97.02
विज्ञान- 286714 285425 99.55
सामाजिक विज्ञान- 286714 284032 99.06
ड्राइंग- 5241 5235 99.89
कृषि- 338 338 100
गृह विज्ञान- 4863 4851 99.75
पंजाबी- 23515 23283 99.01
उर्दू- 3933 3912 99.47
संस्कृत- 40457 40327 99.68
म्यूजिक- 20764 20746 99.91
डांस- 107 107 100
शारीरिक शिक्षा- 134846 134614 99.83
कंप्यूटर साइंस- 8420 8413 99.92
श्रेणी वार पास प्रतिशतता
लड़के- 149547 140896 94.22
लड़की- 137167 132119 96.32
ग्रामीण- 194471 185221 95.24
शहरी- 92243 87794 95.18
राजकीय- 160257 149345 93.19
प्राइवेट- 126457 123670 97.80
सामान्य श्रेणी- 100044 97300 97.26
ओबीसी श्रेणी- 98136 92576 94.33
एससी श्रेणी- 88534 83139 93.91
बच्चों की कड़ी मेहनत एवं अध्यापकों के उचित मार्गदर्शन से संभव हुआ अच्छा परिणाम
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया गया है। पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष का परिणाम बहुत अच्छा रहा है। इसका सारा श्रेय बच्चों की मेहनत, उनके अध्यापक एवं अभिभावकों को जाता है। अच्छे परीक्षा परिणाम के लिए पूरा शिक्षा विभाग बधाई का पात्र है। हसला संगठन सभी बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करता है।
-सतपाल सिन्धु, राज्य प्रधान हसला
(हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन)