राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय भिवानी।
भिवानी। स्नातक के विभिन्न कोर्सों में मेरिट सूची के तहत दाखिले के बाद कक्षाएं लगनी शुरू हो चुकी हैं। शहर स्थित राजीव गांधी राजकीय महिला कॉलेज में बीए के कोर्सों को छोड़कर अन्य कोर्सों में अब भी सीटें रिक्त हैं।
इन पर दाखिला के लिए ओपन काउंसिलिंग के तहत दाखिला प्रक्रिया जारी है। लेकिन एक सप्ताह के बाद भी बीएससी, बीकॉम, बीसीए काेर्स की निर्धारित सीटों तक दाखिला नहीं हो पाया है। शहर में स्थित राजीव गांधी राजकीय महिला कॉलेज में बीए की 640 में से 630 सीटों पर दाखिला हो चुका है। कुछ सीटों पर विषय संयोजन के कारण दाखिला नहीं हो पाया है। जबकि यूजी के अन्य कोर्सों, बीएससी, बीकॉम में करीब 200 सीटें रिक्त हैं। कॉलेज में बीएससी केमिस्ट्री व कंप्यूटर साइंस कोर्स की 210 सीटें हैं। लेकिन अभी तक इनमें से सिर्फ 124 सीटों पर ही दाखिला सुनिश्चित हो पाया है। इसी प्रकार बीकॉम के कोर्स के लिए कॉलेज में 180 सीटें निर्धारित की गई हैं। लेकिन इस कोर्स की भी करीब 60 सीटेें रिक्त हैं।
वहीं, पीजी कोर्स में आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी
वहीं, दूसरी ओर यूजी के बाद पीजी के कोर्सों में दाखिला के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। सोमवार को पीजी कोर्सों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि को पांच अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने आवेदन की अंतिम तारीख को बढ़ाने का कारण कई यूनिवर्सिटी के द्वारा यूजी फाइनल ईयर का परीक्षा परिणाम घोषित न करना बताया है।
यूजी के कोर्सों में बीएससी, बीकॉम कोर्स की रिक्त सीटों पर ओपन काउंसिलिंग के तहत दाखिला प्रक्रिया जारी है। दाखिला लेने के इच्छुक छात्राएं अपने दस्तावेज को लेकर कॉलेज में पहुंचे।
-अजीत कुमार, मीडिया प्रभारी, राजीव गांधी राजकीय महिला कॉलेज, भिवानी।