मौसम बदलाव के साथ ही सोमवार से जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी का समय भी बिना किसी नोटिस और पूर्व सूचना के बदल दिया। सोमवार सुबह आठ बजे सैकड़ों मरीज और तीमारदार ओपीडी के गेट पर जुट गए, लेकिन सुबह आठ बजे गेट नहीं खुला। मरीजों को करीब एक घंटा इधर उधर बैठकर इंतजार में बिताना पड़ा। ओपीडी के बाहर भी समय बदलाव से संबंधित कोई सूचना नहीं लगाई गई थी। इसकी वजह से मरीजों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी पहले सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक लगती थी, मगर सोमवार से अब ओपीडी सुबह नौ बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक खुली रहेगी। जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में रोजाना ही करीब 1200 मरीजों की ओपीडी स्लिप काटी जाती है। जबकि इनदिनों मौसम में बदलाव के कारण छोटे बच्चों में मौसमी बीमारियों का सबसे अधिक संक्रमण बढ़ा है। इसकी वजह से बाल रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में रोजाना ही ढाई सौ से तीन सौ मरीज आ रहे हैं। इसके अलावा हड्डी रोग विशेषज्ञ और फिजिशियन कक्ष के आगे भी मरीजों की खूब भीड़ जुटती है। इसी तरह आंखों में भी मौसम बदलाव के साथ जलन होने के मरीज बढ़े हैं।
नहीं थी ओपीडी समय बदलाव की जानकारी
नागरिक अस्पताल की ओपीडी में बुखार का चेकअप कराने आए रतिभान और फिजिशियन से चेकअप कराने आई रामरती ने बताया कि उन्हें ओपीडी के समय में बदलाव की कोई जानकारी नहीं थी। इसी तरह भाल सिंह और दया प्रकाश ने बताया कि ओपीडी खुलने के लिए करीब घंटे भर बाहर बैठकर इंतजार करना पड़ा। ओपीडी के बाहर मरीजों के न तो बैठने की कोई व्यवस्था है न यहां छांव का कोई प्रबंध। काफी मरीज तो इधर उधर घूमते रहे और जैसे ही ओपीडी खुली तो ओपीडी स्लिप लेने के लिए भी लंबी कतारें लगीं।
शीतकालीन शेड्यूल के हिसाब से अब ओपीडी का समय सुबह नौ से दोपहर बाद तीन बजे तक रहेगा। ओपीडी में गर्मियों और सर्दियों में समय की सूचना पहले से ही लगाई जा चुकी है। समय बदलाव का पहला दिन था, इसलिए मरीजों को थोड़ी परेशानी हुई है। आगे ये रुटीन हो जाएगा।
-डॉ एडमिन, प्रधान चिकित्सा अधिकारी, जिला नागरिक अस्पताल, भिवानी।